Rewa News: दीपावली की भीड़ से रीवा में बिगड़ी यातायात व्यवस्था, अमहिया से बस स्टैंड तक लगा लंबा जाम
Rewa News: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही रीवा के बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है. लेकिन इस भीड़ का असर अब शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है. शुक्रवार को अमहिया, कॉलेज चौराहा, जय स्तंभ, ढेकहा चौराहा और बस स्टैंड सहित कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा.

लगातार दूसरे दिन बिगड़े शहर के हालात
शहर में लगातार दूसरे दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित रही. त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने का अनुमान पहले से था, इसके बावजूद प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने के इंतजाम प्रभावी नजर नहीं आए. बेतरतीब पार्किंग और ऑटो-ई-रिक्शा की आवाजाही ने समस्या को और बढ़ा दिया. हालात ऐसे रहे कि जरूरी काम से निकले लोगों को भी जाम में फंसकर समय गंवाना पड़ा.
बैरिकेडिंग और प्रतिबंध के बावजूद नहीं मिली राहत
त्योहारी सीजन में यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है. इसके तहत प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और कुछ मार्गों पर ऑटो-ई-रिक्शा के प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है. इसके बावजूद शहर के कई व्यस्त इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही. ऐसे में पुलिस की यातायात योजना और उसके जमीनी क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

सड़क पर ही बीत रहा समय
जाम में फंसे सुरेश पटेल ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरना मुश्किल होता जा रहा है. थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है. त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत है, लेकिन सड़कों पर इसका प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है, वहीं महाबली सिंह का कहना है कि जाम के कारण जरूरी काम से जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस की प्रभावी मौजूदगी जरूरी है, लेकिन मौजूदा हालात में लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है.
पुलिस बल की गई तैनाती
ट्रैफिक थाना प्रभारी अनीमा शर्मा ने बताया कि दीपावली को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. जिन स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है, वहां पुलिसकर्मी यातायात को व्यवस्थित करने के साथ जरूरत के अनुसार मार्ग परिवर्तन की कार्रवाई भी कर रहे हैं.
हर त्योहार पर सामने आती है यही समस्या
समाजसेवी शिवानंद द्विवेदी ने यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि रीवा में प्रत्येक बड़े त्योहार के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ता है और जाम की समस्या सामने आती है. इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास नजर नहीं आते. उन्होंने कहा कि केवल यातायात प्लान बनाने और बैरिकेडिंग करने से समस्या हल नहीं होगी, बल्कि पुलिस को सड़कों पर सक्रिय रहकर लोगों को जाम से राहत दिलानी होगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: सरकारी कार्यालयों के बाहर बदहाल सफाई व्यवस्था, शराब की खाली बोतलों और नशीली सिरप की शीशियों का लगा ढेर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: दीपावली की भीड़ से रीवा में बिगड़ी यातायात व्यवस्था, अमहिया से बस स्टैंड तक लगा लंबा जाम”