Rewa News: राखी की खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, ट्रैफिक के लिए खास इंतजाम
Rewa News: रीवा में रक्षाबंधन की तैयारियों के बीच शहर के बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली. गुरुवार शाम से ही राखी, मिठाई, कपड़े और गिफ्ट खरीदने वालों की भीड़ बाजारों में पहुंचने लगी. फोर्ट रोड, शिल्पी प्लाजा, सिरमौर चौराहा, अस्पताल चौराहा, घोघर और पुराने बस स्टैंड के आसपास देर रात तक दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. कारोबारियों के मुताबिक त्योहार नजदीक आते ही बिक्री में तेजी आई है.

राखी और मिठाई की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़
त्योहार को लेकर राखी की दुकानों पर लोगों की खास भीड़ दिखाई दी. बाजार में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए अलग-अलग डिजाइन और कीमत वाली राखियां उपलब्ध हैं. इसके अलावा मिठाई, कपड़े, कॉस्मेटिक और उपहार की दुकानों पर भी खरीदारी का दौर चलता रहा. पिछले दो दिनों में मिठाई और होटल कारोबार में सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ोतरी होने की बात व्यापारियों की ओर से कही जा रही है.
बाजारों में ट्रैफिक संभालने के लिए खास प्लान
त्योहार के दौरान बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 27 और 28 अगस्त के लिए विशेष व्यवस्था बनाई है. सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. ऑटो और ई-रिक्शा को तय मार्गों से चलाया जाएगा, जबकि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी.
शिल्पी प्लाजा समेत कई जगह जवान तैनात
व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. शिल्पी प्लाजा पर यातायात पुलिस के 2 और पुलिस लाइन के 4 जवान तैनात रहेंगे. इसके अलावा मानस भवन, रसिया मोहल्ला, अस्पताल चौराहा, कला मंदिर तिराहा, सिरमौर चौराहा, मृगनैनी, प्रकाश चौराहा और बड़ा चौराहा सहित कई स्थानों को ड्यूटी प्वाइंट बनाया गया है. साईं मंदिर रोड पर भी पार्किंग को लेकर विशेष निगरानी रहेगी.
चार पहिया वाहनों के लिए तय किए गए पार्किंग स्थल
भीड़ और जाम की समस्या से बचने के लिए चार पहिया वाहनों के लिए शहर में 7 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं. इनमें प्रकाश चौराहा, साईं मंदिर पार्किंग, अग्रसेन चौक, पुराने कोर्ट के सामने, शिल्पी प्लाजा के पीछे, गंगा कछार पार्किंग और स्वागत भवन शामिल हैं. शुक्रवार को रक्षाबंधन के कारण बाजारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, ताकि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
यह भी पढ़ें : Rewa News: गुढ़ में बाइक-स्कूटी की भिड़ंत से मचा कोहराम, एक परिवार के 3 लोगों की मौत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
