Rewa News: रीवा बस हादसे में घायल बोले- ऊपरवाले ने बचा लिया, आंखों के सामने था मौत का मंजर
Rewa News: रीवा में बल्कर और बस की टक्कर में घायल 20 यात्री संजय गांधी अस्पताल में भर्ती हैं. हादसे का मंजर याद कर यात्री बार-बार सिहर उठते हैं. जैकुननिशा ने कहा, “ऊपरवाले का शुक्र है कि हमारी जान बच गई.” वहीं शिवानी पटेल ने बताया कि उन्हें याद ही नहीं कि बस से किसने बाहर निकाला, होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया.

अनियंत्रित बल्कर ने बस को मारी टक्कर
बुधवार शाम करीब 5 बजे गुढ़ नेशनल हाईवे-39 पर बल्कर नंबर NL01 AL 9213 ने पवन ट्रैवल्स की बस MP19 P 1501 को टक्कर मार दी थी. हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है. अब तक रीवा निवासी राजमणि कोल पिता विश्वनाथ कोल, सीधी निवासी रक्षा पटेल और अमरेश पटेल की पहचान हो सकी है. बाकी दो शवों की पहचान के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है.
बच्चों को लेकर बस में बैठी थीं जैकुननिशा
गुढ़ के हटवा बरहा टोला निवासी जैकुननिशा ने बताया कि वह वरदान हॉस्पिटल के पास से बस में सवार हुई थीं. उन्होंने कहा कि वह अपने दो बच्चों को दवा दिलाने अस्पताल गई थीं. बस में बैठने के बाद उन्होंने बेटे और बेटी को गोद में सुला लिया. अचानक बस को जोरदार झटका लगा और पलभर में बस गड्ढे में जा गिरी. उनकी बच्ची भी झटके से दूसरी तरफ गिर गई. बच्ची ने कहा, “मां, मैं निकल रही हूं. तुम भी निकलो.” इसके बाद जैकुननिशा ने खिड़की के पास खड़े युवक से मदद मांगी. युवक ने उनका हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया. बाहर आने पर उन्होंने आसपास तीन लोगों के शव पड़े देखे, जबकि कई यात्री दर्द से कराह रहे थे.
मां और बहन अस्पताल में भर्ती
चुरहट निवासी डॉ. अरविंद पटेल ने बताया कि उनकी बहू रक्षा अपनी छोटी बहन शिवानी और मां गीता पटेल के साथ रीवा दवा कराने आई थीं. हादसे में रक्षा पटेल की मौत हो गई, जबकि गीता को गंभीर हालत में ICU में भर्ती कराया गया है. शिवानी पटेल भी गंभीर रूप से घायल हैं. वहीं हादसे में जान गंवाने वाले 36 वर्षीय अमरेश रावत सीधी जिले के मोहनिया टनल इलाके के रहने वाले थे. वह रेमिकी कंपनी में हेल्पर थे और रोज बस से अप-डाउन करते थे. बुधवार शाम घर नहीं पहुंचने और मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां अमरेश का शव मिला.
लापता दिव्या रेस्क्यू सेंटर में मिली
हादसे के बाद लापता हुई 3 वर्षीय दिव्या विश्वकर्मा देर शाम रेस्क्यू सेंटर में मिल गई. उसे किसी व्यक्ति ने बस से निकालकर वहां पहुंचाया था. हादसे में बस ड्राइवर विकास तिवारी निवासी सीधी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है. बस कंडक्टर सुखेन्द्र सिंह को सामान्य चोटें आई हैं और उनका इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है. वहीं बल्कर चालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने 5 मौतों की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रखी जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख और घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें : Rewa News: तेज बहाव में बह गई बैकुंठपुर-लालगांव सड़क, दूसरे दिन भी आवागमन बंद
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
