Rewa News: रीवा में संपत्तिकर नहीं चुकाने वालों पर नगर निगम सख्त, एक भवन में लगाया ताला
Rewa News: रीवा में संपत्तिकर की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है. लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ अब सीधे कार्रवाई की जा रही है. मंगलवार को वसूली के लिए पहुंची निगम की टीम ने एक भवन के खाली हिस्से में ताला लगा दिया. वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही एक अन्य बकायादार ने मौके पर ही 1 लाख 6 हजार 302 रुपये का चेक निगम को सौंप दिया.

करोड़ की वसूली का लक्ष्य
नगर निगम ने दिसंबर महीने के अंत तक 29 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए शहर के चारों जोनों में वसूली अभियान तेज कर दिया गया है. खासतौर पर बड़े बकायादारों से संपत्तिकर वसूलने पर जोर दिया जा रहा है. इसके अलावा 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत के लिए चारों जोनों को मिलाकर 16 करोड़ 35 लाख रुपये की वसूली का लक्ष्य तय किया गया है.

56 हजार बकाया होने पर भवन में ताला
मंगलवार को सहायक आयुक्त एवं राजस्व अधिकारी रामनरेश तिवारी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने जोन क्रमांक-1 के वार्ड 5 और वार्ड 4 में कार्रवाई की. वार्ड 5 में रामकृष्ण मिश्रा के भवन पर 56 हजार रुपये का संपत्तिकर बकाया था. भवन के तीन हिस्सेदारों ने मिलकर 38 हजार 828 रुपये जमा कर दिए थे, लेकिन दो हिस्सेदारों की ओर से बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया. इसके बाद निगम की टीम ने भवन के खाली हिस्से में ताला लगा दिया.
कार्रवाई से पहले जमा किया चेक
इसी अभियान के दौरान निगम की टीम वार्ड 4 में ज्ञानेन्द्र केसरवानी के यहां भी पहुंची. यहां वसूली की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही उन्होंने 1 लाख 6 हजार 302 रुपये का चेक नगर निगम कोष में जमा करा दिया. निगम की इस कार्रवाई के दौरान बड़े बकायादारों को टैक्स भुगतान के लिए स्पष्ट संदेश दिया गया.

कर्मचारियों के वेतन में कटौती के निर्देश
वसूली अभियान की समीक्षा के लिए राजस्व अधिकारी रामनरेश तिवारी ने इससे पहले चारों जोनों के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली थी. बैठक में राजस्व वसूली का प्रदर्शन कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और कर्मचारियों को कामकाज में सुधार लाने के निर्देश दिए. निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले वसूली का प्रतिशत कम पाए जाने पर दिवाकर रावत और भगवानदीन यादव के वेतन में कटौती करने के निर्देश भी दिए गए. साथ ही जोन अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों को बकायादारों से लगातार संपर्क कर वसूली का लक्ष्य पूरा करने को कहा गया.
नोटिस के बाद अब कुर्की की कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार, संपत्तिकर जमा करने के लिए बकायादारों को पहले कई बार सूचित किया जा चुका है. इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वालों को मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 173 और 174 के तहत नोटिस और अंतिम सूचना पत्र जारी किए गए. निर्धारित समय में राशि जमा नहीं होने पर अब कुर्की और अधिहरण जैसी कार्रवाई की जा रही है. निगम ने स्पष्ट किया है कि बड़े बकायादारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. ऐसे में अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में कितने बड़े बकायादार टैक्स जमा करते हैं और कितनों पर निगम की कार्रवाई होती है.
यह भी पढ़ें : MP Politics: कांग्रेस ने बदला विरोध प्रदर्शन का स्थान, भोपाल में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली की तैयारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Rewa News: रीवा में संपत्तिकर नहीं चुकाने वालों पर नगर निगम सख्त, एक भवन में लगाया ताला”