Rewa News: रीवा के लोगों को मिली बड़ी सौगात, 8 जून से आम जनता के लिए खुला मिहिर सेन स्विमिंग पूल
Rewa News: रीवा शहर के खेल प्रेमियों और तैराकी के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम ने लंबे इंतजार के बाद मिहिर सेन तरणताल को आम नागरिकों के लिए खोल दिया है। करीब तीन दशक पुराने इस स्विमिंग पूल का हाल ही में जीर्णोद्धार किया गया है, जिसके बाद 8 जून से इसका संचालन शुरू कर दिया गया है।

सदस्यता और प्रति घंटा दोनों विकल्प
नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रकार की शुल्क व्यवस्था लागू की है। नियमित तैराकी करने वालों के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, कभी-कभार स्विमिंग करने वाले लोग 100 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से पूल का उपयोग कर सकेंगे।
दिनभर में तीन सत्रों में मिलेगी सुविधा
तरणताल के संचालन के लिए तीन अलग-अलग सत्र तय किए गए हैं। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक सभी नागरिकों के लिए स्विमिंग पूल खुला रहेगा। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाम 5 बजे से 6 बजे तक का समय केवल महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। इसके बाद शाम 6 बजे से 8 बजे तक फिर सभी लोगों को तैराकी की अनुमति होगी।

30 लोगों को मिलेगा प्रवेश
सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने एक समय में अधिकतम 30 लोगों के प्रवेश की अनुमति दी है। इससे भीड़ नियंत्रण और तैराकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी, स्विमिंग पूल का उपयोग करने के लिए पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, अंकसूची या जन्म प्रमाण पत्र में से कोई एक दस्तावेज जमा करना होगा। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अभिभावक की लिखित अनुमति आवश्यक होगी।
बच्चों के लिए विशेष सुरक्षा नियम
नगर निगम ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 5 से 14 वर्ष तक के बच्चों के साथ अभिभावक का मौजूद रहना अनिवार्य होगा। वहीं 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सुरक्षा कारणों से प्रवेश नहीं दिया जाएगा, हर सत्र में प्रशिक्षित लाइफगार्ड और तैराकी प्रशिक्षक मौजूद रहेंगे। जो लोग तैरना नहीं जानते, उन्हें केवल कम गहराई वाले हिस्से में ही रहने की अनुमति होगी। साथ ही किसी भी संक्रामक बीमारी से ग्रसित व्यक्ति को पूल में प्रवेश नहीं मिलेगा।
डाइविंग पूल अभी नहीं होगा शुरू
नगर निगम ने फिलहाल केवल स्विमिंग पूल को शुरू किया है। डाइविंग पूल सुरक्षा मानकों की समीक्षा पूरी होने तक बंद रहेगा। भविष्य में स्थिति का आकलन करने के बाद इसके संचालन पर निर्णय लिया जाएगा, तरणताल के संचालन और रखरखाव के लिए निजी एजेंसी चयन की प्रक्रिया अभी जारी है। हालांकि नागरिकों की मांग और सुविधा को देखते हुए नगर निगम ने फिलहाल स्वयं इसका संचालन शुरू करने का फैसला लिया है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: सिलपरा डैम में दो लोग लापता, परिजनों ने किया चक्का जाम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
