Rewa News: रीवा फायरिंग केस का खुलासा, पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड, दो नाबालिगों के साथ रची थी साजिश
Rewa News: रीवा के मनगवां बस्ती में युवक पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. 28 जुलाई की रात संदीप कुमार गुप्ता अपने घर के बाहर बैठा था, तभी बाइक सवार दो नकाबपोश वहां पहुंचे. रास्ता पूछने के बहाने आरोपियों ने संदीप के करीब जाकर उस पर गोली चला दी. गोली आंख और नाक के बीच लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे.

पुरानी रंजिश में रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, घायल युवक का पड़ोसी सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोन्टी इस मामले का मुख्य आरोपी है. दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और सत्यप्रकाश पर संदीप को धमकी देने के आरोप भी सामने आए थे. इसी रंजिश के चलते उसने दो विधि विरुद्ध बालकों के साथ मिलकर संदीप पर हमला करने की योजना बनाई.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने मनगवां बस्ती और राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों से जुड़े अहम सुराग मिले. पूछताछ के बाद एक विधि विरुद्ध बालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश तक पहुंची और सोमवार को उसे दो अन्य विधि विरुद्ध बालकों के साथ पकड़ लिया.
पिस्टल और बाइक समेत सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा बिना नंबर की काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल, भूरे रंग का बैग और काला मास्क भी जब्त किया गया है. पुलिस के मुताबिक, इन सामानों को मामले की जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है. मामले में मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश गुप्ता समेत दो विधि विरुद्ध बालकों को पकड़ा गया है और पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: अधिकारी के नाम से आया फोन, ANM के बैंक खाते से करीब 53 हजार रुपए निकले
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
