Rewa News: रीवा-सीधी फोरलेन मुआवजा विवाद, किसानों ने डिप्टी CM से लगाई गुहार
Rewa News: रीवा-सीधी नेशनल हाईवे-39 फोरलेन परियोजना में भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर नया विवाद सामने आया है. गुढ़ तहसील के किसानों ने मुआवजा वितरण में भेदभाव का आरोप लगाते हुए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की. किसानों का कहना है कि एक ही परियोजना में अलग-अलग तहसीलों के लिए अलग-अलग आधार पर मुआवजा तय किया गया है.

कई गांवों के किसान पहुंचे डिप्टी CM के पास
रविवार को गुढ़ तहसील के महसांव, रीठी, खाम्हा, खड्डा और उमरी गांव के किसान डिप्टी सीएम के निवास पहुंचे. किसानों ने बताया कि फोरलेन निर्माण के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया, लेकिन मुआवजे का निर्धारण समान नियमों के तहत नहीं किया गया.
लोही गांव का दिया उदाहरण
किसानों का आरोप है कि इसी परियोजना के अंतर्गत हुजूर तहसील के लोही गांव की भूमि का मूल्यांकन अलग आधार पर किया गया. वहीं, गुढ़ तहसील के गांवों में कम दरों पर मुआवजा तय किया गया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
पहले भी सौंप चुके हैं ज्ञापन
प्रभावित किसानों का कहना है कि वे इस मुद्दे को लेकर पहले भी कलेक्टर, स्थानीय विधायक और सांसद को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. किसानों ने मांग की है कि गुढ़ तहसील के गांवों का भी पुनर्मूल्यांकन किया जाए और लोही गांव की तर्ज पर नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाए.
डिप्टी CM ने दिया जांच का भरोसा
किसानों की शिकायत सुनने के बाद डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और नियमों के अनुसार जो उचित होगा, वही कार्रवाई की जाएगी, अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद किसानों की मांग पर क्या फैसला लिया जाता है, और मुआवजे के विवाद का समाधान कैसे निकलता है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, पिता-पुत्र पर तलवार से हमला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
