Rewa News: मऊगंज में MD ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई, करोड़ों का सामान जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
Rewa News: मध्य प्रदेश पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रीवा जोन में संचालित एक अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यह फैक्ट्री मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में संचालित की जा रही थी. पुलिस की छापेमारी में करोड़ों रुपए मूल्य का संदिग्ध मादक पदार्थ, भारी मात्रा में केमिकल, एसिड और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं.

चार आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
रविवार रात की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही एक लग्जरी चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया. सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी
यह कार्रवाई रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत के निर्देशन में की गई. मऊगंज एसपी एस.के. जैन और एसडीओपी सची पाठक के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिझौली गांव में दबिश दी. छापेमारी के दौरान अवैध सिंथेटिक ड्रग्स निर्माण से जुड़ा पूरा सेटअप पुलिस के हाथ लगा.

दूसरे राज्यों तक सप्लाई का संदेह
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यहां तैयार की जा रही एमडी ड्रग्स की सप्लाई रीवा के रास्ते अन्य राज्यों, विशेष रूप से मुंबई, तक की जाती थी. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सप्लाई नेटवर्क और बरामद माल की वास्तविक कीमत समेत सभी तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी.
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है. जांच का फोकस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान पर है. पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है, इस कार्रवाई की प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सराहना की है. पुलिस महानिदेशक ने रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत, मऊगंज पुलिस और पूरी टीम की प्रशंसा की है. वहीं, आईजी ने भी कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें चंदन सिंह, निवासी सोनवर्षा, थाना गढ़, जिला रीवा. अशोक गुप्ता, निवासी लालगांव, थाना गढ़, जिला रीवा. पीकचन्द्र यादव, निवासी सोनवर्षा, थाना गढ़, जिला रीवा. और ऋषभ सेन, निवासी शुकुलगवां, थाना गोविन्दगढ़, जिला रीवा, शामिल हैं, फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध ड्रग्स नेटवर्क की जड़ें कहां तक फैली हुई हैं और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा-सीधी फोरलेन मुआवजा विवाद, किसानों ने डिप्टी CM से लगाई गुहार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
