Rewa News: रीवा में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट पर बवाल, फर्जी NOC और परमाणु संयंत्र के विरोध में अड़े ग्रामीण
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले की सिरमौर तहसील अंतर्गत सरई कला और रोझौही क्षेत्र में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर आज प्रशासनिक अधिकारियों, टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच हुई बैठक बेनतीजा साबित हुई, बोरहोल का काम शुरू कराने पहुंची टीम का स्थानीय निवासियों ने तीखा विरोध किया और काम को बीच में ही रुकवा दिया, ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं होता, तब तक परियोजना का कोई काम आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा.
ग्रामीणों ने जताई गहरी चिंता
परियोजना स्थल पर सरई कला, रोझौही और आसपास के दर्जनों गांवों के नागरिक एकत्रित हो गए, मौके पर मौजूद सिरमौर तहसीलदार बिंदु तिवारी, पुलिस अधिकारियों और एनपीसीआईएल के वैज्ञानिकों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे, ग्रामीणों का कहना था कि वे क्षेत्र में विकास और रोजगार के पक्षधर हैं, लेकिन परमाणु बिजलीघर से होने वाले संभावित पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी खतरों को लेकर उनकी चिंताओं का निराकरण किया जाना बेहद आवश्यक है.
फर्जी NOC की जांच की उठी मांग
विरोध प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरपंच के नाम पर जारी पत्र क्रमांक 170/2026 की कथित फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) का मामला प्रमुखता से उठाया, उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सभा द्वारा 3 सितंबर और 5 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में स्पष्ट प्रस्ताव पारित किए जा चुके हैं, ऐसे में ग्राम सभा की इच्छा के विरुद्ध फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रक्रिया को आगे बढ़ाना अनुचित और असंवैधानिक है.
अन्य उद्योगों को स्थापित करने का दिया सुझाव
ग्रामीणों और स्थानीय सरपंच प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र में उद्योग और विकास का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र के संभावित खतरों से आशंकित हैं, उन्होंने जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के सामने विकल्प रखते हुए मांग की कि क्षेत्र में परमाणु बिजलीघर की जगह अन्य सुरक्षित उद्योगों को स्थापित किया जाए, ताकि लोगों को रोजगार भी मिल सके और पर्यावरण तथा स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव भी न पड़े.
आंदोलन जारी रखने की दी चेतावनी
ग्रामीणों के कड़े रुख और उग्र विरोध को देखते हुए फिलहाल बोरहोल का काम पूरी तरह से ठप्प हो गया है, सरई कला की सरपंच कोमल सिंह और अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक कथित फर्जी एनओसी की निष्पक्ष जांच नहीं होती और उनकी मांगों पर लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा, अब इस संवेदनशील मामले में आगे की कार्रवाई और प्रशासन के रुख पर पूरे जिले की निगाहें टिकी हुई हैं.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में नशीली कफ सिरप मामले का फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी मोहल्ला क्षेत्र में की घेराबंदी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










