Rewa News: त्योंथर में बढ़ा नदियों का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट, गांवों में पहुंची टीम
Rewa News: रीवा में लगातार बारिश के बाद त्योंथर क्षेत्र में टमस, बेलन और नैना नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है. नदी और नालों में बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है. कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह अधिकारियों के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली. अधिकारियों ने राहत और बचाव की तैयारियों का भी जायजा लिया.

बेलन नदी से 7 गांव प्रभावित
बेलन नदी का जलस्तर बढ़ने से डीह सहित सात गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है. डीह, कैथा, गंथा, बजरा, सोनौरी कटरा, बसहट और कठौली में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन पानी बढ़ने पर इन गांवों में खतरा बढ़ सकता है. प्रशासन ने इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थिति बिगड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं.

नैना नदी से दो गांवों में जलभराव
नैना नदी का पानी बढ़ने से रेरूआ और गाड़रपुर्वा गांवों में जलभराव की स्थिति बनी है. हालांकि नैना और गुरमा क्षेत्र में पानी धीरे-धीरे कम होने लगा है और पुल के ऊपर आया पानी भी नीचे उतर गया है. कलेक्टर और एसपी ने गाड़रपुर्वा, सोनौरी सहित अन्य गांवों का दौरा कर मौके पर स्थिति देखी और राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा की.
नदी के पास नहीं जाने की अपील
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने ग्रामीणों से नदी और नालों के पास जाने से बचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि गहरे पानी में जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान या राहत केंद्र में चले जाएं. उन्होंने नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान नाव से नदी पार नहीं करने की भी सलाह दी. प्रशासन ने राहत केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

SDRF और होमगार्ड अलर्ट
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह ने जलमग्न पुल और पुलियों पर आवागमन रोकने के निर्देश दिए हैं. होमगार्ड और SDRF की टीमों को भी अलर्ट रखा गया है. कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और ग्रामीणों को स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए. प्रशासन का कहना है कि बारिश का जोर कम हुआ है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमों को तैयार रखा गया है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में मानसून कमजोर, अब तक 23 इंच बारिश, अगस्त से उम्मीद
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
