शारदीय नवरात्रि 2026: मैहर में अष्टमी पर मां शारदा के दरबार में उमड़ी भीड़, सुबह 8 बजे तक 43 हजार से ज्यादा दर्शन
शारदीय नवरात्रि 2026: मध्यप्रदेश के मैहर में शारदीय नवरात्र के दौरान मां शारदा मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या देखने को मिल रही है. रविवार को अष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की चहल-पहल रही. सुबह 4 बजे दर्शन शुरू होने के बाद श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहे. इस दौरान भक्तों ने मां महागौरी की आराधना कर अपने परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की.

आरती के साथ शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला
अष्टमी पर मंदिर में पूजा की जिम्मेदारी प्रधान पुजारी पंडित पवन पांडेय, जिन्हें दाऊ सरकार के नाम से जाना जाता है, ने निभाई. उन्होंने मां शारदा का श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा और आरती संपन्न कराई. दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं ने पैदल सीढ़ियों के अलावा वैन और रोपवे की सुविधा का भी उपयोग किया, मंदिर प्रबंधन के कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8:15 बजे तक 43,711 लोग मां शारदा के दर्शन कर चुके थे. इनमें 42,149 श्रद्धालु सीढ़ियों से मंदिर पहुंचे, जबकि 612 लोगों ने वैन और 950 श्रद्धालुओं ने रोपवे के जरिए यात्रा की. इन आंकड़ों के मुताबिक, अधिकतर भक्त पैदल रास्ते से माता के दरबार तक पहुंचे.

नवरात्र के सात दिनों में लाखों भक्तों ने टेका माथा
मां शारदा धाम में नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की आमद बनी हुई है. शनिवार को मंदिर में 86 हजार से अधिक लोगों ने दर्शन किए थे. वहीं, प्रतिपदा से सप्तमी तक कुल 6 लाख 91 हजार से ज्यादा श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच चुके थे. अष्टमी पर भी सुबह से दर्शन के लिए भक्तों का आना जारी रहा, नवरात्र के अंतिम चरण में सोमवार को नवमी मनाई जाएगी. इस दिन मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी. मां शारदा मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहेगा. नवरात्र के समापन की ओर बढ़ने के साथ मैहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियों का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: शिक्षक पर अश्लील बातें करने का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










