Sidhi News: सीधी में ‘आरके बिन्द क्लीनिक’ पर स्वास्थ्य विभाग की औचक छापेमारी, अवैध क्लीनिक का खुलासा
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल ब्लॉक अंतर्गत बहरी क्षेत्र में संचालित ‘आरके बिन्द क्लीनिक’ पर शनिवार को दोपहर के वक्त बीएमओ डॉ. रिकेश शर्मा ने अपनी टीम के साथ औचक छापेमारी की. जांच के दौरान यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि क्लीनिक का संचालक केवल आयुर्वेद की डिग्री होने के बावजूद धड़ल्ले से एलोपैथिक पद्धति से मरीजों का इलाज कर रहा था. स्वास्थ्य विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से इलाके के अन्य झोलाछाप डॉक्टरों में भी हड़कंप मच गया है.

अवैध अस्पताल और भर्ती मरीज
छापेमारी के दौरान क्लीनिक के ठीक पीछे बने दो गुप्त कमरों का भी खुलासा हुआ, जिनका इस्तेमाल अवैध रूप से मिनी अस्पताल की तरह किया जा रहा था. इन कमरों में कुल आठ बेड बिछाए गए थे, जहां बिना किसी वैध लाइसेंस, अनुमति या चिकित्सकीय मानकों के गंभीर मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था. मौके पर मरीजों को ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाने और इंजेक्शन लगाने के पुख्ता प्रमाण भी स्वास्थ्य विभाग की टीम को मिले हैं.

पिछले 15 सालों से प्रैक्टिस
स्वास्थ्य विभाग की पूछताछ में क्लीनिक संचालक आरके बिन्द ने स्वीकार किया कि वह मूल रूप से दूसरे राज्य के निवासी हैं और पिछले 15 वर्षों से यहां मकान बनाकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं. उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि पहले उनके पास कोई डिग्री नहीं थी, लेकिन अब उन्होंने आयुर्वेद की डिग्री हासिल कर ली है. हालांकि, विभाग का कहना है कि आयुर्वेद की आड़ में एलोपैथिक इलाज करना और मरीजों को भर्ती करना पूरी तरह गैरकानूनी है.

स्वास्थ्य विभाग की कड़ी चेतावनी
कार्रवाई के दौरान वहां इलाज करा रही रामरति विश्वकर्मा ने बताया कि पिछले छह सालों से तबीयत खराब होने पर उन्हें यहीं ड्रिप चढ़ाई जाती है और दवाइयां दी जाती हैं, हालांकि उन्हें संचालक की डिग्री के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने के लिए एक महीने की मोहलत दी है. चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा में व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर क्लीनिक को हमेशा के लिए सील कर दिया जाएगा.
विंध्य और मध्य प्रदेश की ताजा खबरों, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर बड़ी अपडेट के लिए Vindhya Times को सब्सक्राइब करें. ऐसी हीं और खबरों के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: संजय टाइगर रिजर्व में हाथी महोत्सव शुरू, हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण और दी गई विशेष सौगातें
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










