Sidhi News: मझौली में ओवरलोड ट्रक पलटा, हादसे का लाइव वीडियो वायरल
Sidhi News: सीधी जिले के मझौली में गुरुवार सुबह एक ओवरलोड ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में बड़ी मात्रा में गेहूं की बोरियां लदी थीं। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्षमता से कई गुना ज्यादा लदा था गेहूं
जानकारी के अनुसार ट्रक मझौली उपार्जन केंद्र से गेहूं लेकर दडौरा तौल केंद्र जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की बॉडी से करीब 10 फीट ऊपर तक गेहूं की बोरियां लदी थीं और उन्हें रस्सियों से बांधा गया था। भारी वजन के कारण ट्रक चलते समय बार-बार एक तरफ झुक रहा था।

लोगों ने पहले ही जता दी थी हादसे की आशंका
स्थानीय निवासी रामकिशोर पनिका के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोग ट्रक को देखकर पहले से ही कह रहे थे कि वाहन कभी भी पलट सकता है। वायरल वीडियो में भी लोगों की आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें वे कहते नजर आ रहे हैं, “गाड़ी पलट जाएगी।” कुछ ही सेकंड बाद ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।
ड्राइवर और खलासी ने कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान ट्रक चालक और खलासी ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद दोनों मौके से चले गए। ट्रक पलटने से गेहूं की बोरियां सड़क किनारे बिखर गईं और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मझौली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। ओवरलोडिंग के एंगल को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में जंगल से मिले किशोर प्रेमी जोड़े के नरकंकाल, चार महीने से थे गायब
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
