Sidhi News: सीधी के भंवरसेन घाट पर पिकनिक बना मातम, नदी में डूबे 4 लोग, एक युवती का शव बरामद

Sidhi News: सीधी के भंवरसेन घाट पर पिकनिक बना मातम, नदी में डूबे 4 लोग, एक युवती का शव बरामद

Sidhi News: सीधी के भंवरसेन घाट पर पिकनिक बना मातम, नदी में डूबे 4 लोग, एक युवती का शव बरामद

Sidhi News: सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित भंवरसेन घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने पहुंचे चार युवक-युवतियां और एक नाबालिग नदी में नहाते समय गहरे पानी की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों की तलाश जारी है।

नदी के पानी में दिखा युवती का शव।

नहाते समय गहरे पानी में समाए

जानकारी के अनुसार मैहर जिले से आए एक परिवार और उनके रिश्तेदार सोन नदी के भंवरसेन घाट पर घूमने पहुंचे थे। दोपहर के समय सभी नदी में स्नान कर रहे थे, तभी वे अचानक गहरे भंवर और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों पानी में डूब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। तलाश अभियान के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में मिला। मृतका की पहचान 24 वर्षीय ज्योति सेन निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम।

तीन लोग अब भी लापता

हादसे में लापता लोगों में 15 वर्षीय सुभि सेन, 22 वर्षीय नीलू बैस और 26 वर्षीय लखन केवट शामिल हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे भंवर में फंस गए थे और बाहर नहीं निकल सके, घटना के बाद तहसीलदार आशीष मिश्रा, पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार बचाव दल को तत्काल सूचना दी गई है और नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

रेस्क्यू टीम के देर से पहुंचने पर सवाल

स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। शुरुआती प्रयास ग्रामीणों ने खुद किए और उन्हीं की मदद से एक युवती का शव नदी से बाहर निकाला गया। परिजन लगातार प्रशासन से रेस्क्यू अभियान तेज करने की मांग कर रहे हैं, भंवरसेन घाट सोन नदी का ऐसा क्षेत्र है जहां गहरे भंवर और तेज जलधारा के कारण अक्सर खतरा बना रहता है। इसके बावजूद हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक और स्नान के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

मगर और घड़ियालों के कारण भी चर्चा में क्षेत्र

यह वही क्षेत्र है जहां प्रस्तावित सोन घड़ियाल अभयारण्य विकसित किए जाने की योजना पर काम चल रहा है। हाल के दिनों में यहां मगर और घड़ियाल भी छोड़े गए हैं। हालांकि फिलहाल हादसे का कारण गहरे पानी और तेज बहाव को माना जा रहा है, घटना के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : Sidhi News: सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला, कुल्हाड़ी और हंसिए से किया वार

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें