Sidhi News: कुसमी में 20 करोड़ के CM Rise स्कूल निर्माण पर उठे सवाल, बिना सेफ्टी उपकरण काम करते मिले मजदूर
Sidhi News: आदिवासी बहुल कुसमी में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे तीन मंजिला CM Rise स्कूल भवन का निर्माण कार्य विवादों के घेरे में आ गया है. निर्माण स्थल पर मजदूरों से बिना जरूरी सुरक्षा उपकरणों के काम कराए जाने के आरोप सामने आए हैं. वहीं परियोजना के लिए कई सरकारी भवनों को तोड़े जाने को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं.

13 सरकारी भवन तोड़े जाने पर ग्रामीणों की नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह स्कूल भवन का निर्माण हो रहा है वहां पहले आंगनवाड़ी, ग्राम पंचायत भवन समेत कुल 13 सरकारी इमारतें मौजूद थीं. स्थानीय लोगों के अनुसार इनमें से अधिकांश भवन अच्छी स्थिति में थे और उनका उपयोग किया जा रहा था. इसके बावजूद सभी भवनों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है.

बिना हेलमेट और सेफ्टी गियर के काम करते मिले मजदूर
शुक्रवार शाम निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर कई मजदूर बिना हेलमेट, सेफ्टी शूज़ और अन्य सुरक्षा उपकरणों के काम करते दिखाई दिए. तीन मंजिला भवन के निर्माण के दौरान ऊंचाई पर भी काम जारी था. ऐसे में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
मजदूरों ने ठेकेदार पर लगाए आरोप
बिहार से आए मजदूर दीपक कुमार का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से किसी भी तरह के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते. उनका कहना है कि काम करना है तो अपनी जिम्मेदारी पर करो, नहीं तो वापस लौट जाओ. सुरक्षा सामग्री भी खुद खरीदने के लिए कहा जाता है, एक अन्य श्रमिक रघुवीर ने भी इसी तरह के आरोप लगाए. उनका कहना है कि जोखिम वाले माहौल में काम कराया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं.
सुपरवाइजर और अधिकारियों के बयान अलग
निर्माण स्थल के सुपरवाइजर मनीष सिंह का कहना है कि सभी मजदूरों को सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं, लेकिन कई श्रमिक उनका इस्तेमाल नहीं करते. उनका दावा है कि सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश लगातार दिए जाते हैं, वहीं निर्माण एजेंसी के कार्यपालन यंत्री कौशल परते ने कहा कि ठेकेदारों को श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही की शिकायतें मिली हैं और संबंधित पक्षों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
जांच और कार्रवाई की मांग
निर्माण स्थल पर सामने आई स्थितियों के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं सरकारी भवनों के ध्वस्तीकरण को लेकर भी ग्रामीण जवाब चाहते हैं कि उपयोग में आ रहे भवनों को तोड़ने की आवश्यकता क्यों पड़ी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में पेट्रोल-डीजल को लेकर बढ़ी चिंता, कलेक्टर ने अफवाहों को बताया गलत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
