Sidhi News: सीधी में दर्दनाक हादसा: आंधी के दौरान उड़ती लोहे की सीट लगने से किसान की मौत
Sidhi News: सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज आंधी और तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में किसान की जान चली गई। ग्राम चंदवाही निवासी 60 वर्षीय रघुनाथ साकेत उड़ती हुई लोहे की सीट (चादर) की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जान बचाने के लिए घर से बाहर निकले थे
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे अचानक तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के कारण कई मकानों की लोहे की चादरें उड़ने लगीं। इसी दौरान रघुनाथ साकेत अपनी सुरक्षा के लिए घर से बाहर निकलकर भाग रहे थे।
दो बार लगी लोहे की चादर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घर से लगभग 80 मीटर दूर पहुंचते ही उड़कर आई एक लोहे की सीट उनके पैर के ऊपरी हिस्से में जा धंसी। वे खुद को संभालने की कोशिश कर ही रहे थे कि दूसरी लोहे की सीट भी तेज रफ्तार से आकर उनके शरीर में जा लगी। गंभीर चोटों के कारण उनका काफी खून बह गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
भाई ने बताई हादसे की भयावह कहानी
मृतक के बड़े भाई जगन्नाथ साकेत ने बताया कि आंधी शुरू होते ही सभी लोग सुरक्षित स्थान की ओर भाग रहे थे। रघुनाथ सबसे आगे थे, तभी उड़ती हुई चादर उनके शरीर में जा लगी। मदद के लिए आवाज सुनकर वे और उनका बेटा दौड़े, लेकिन तब तक दूसरी चादर भी उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में मामला प्राकृतिक आपदा के दौरान हुई आकस्मिक दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
रघुनाथ साकेत की अचानक मौत से चंदवाही गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि वे मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में DJ Plaza विवाद फिर चर्चा में, प्रधानमंत्री आवास में रह रहे परिवारों को मिला बेदखली नोटिस
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
