Rewa News: रीवा शासकीय कन्या महाविद्यालय में ABVP का प्रदर्शन, अव्यवस्थाओं पर सौंपा ज्ञापन
Rewa News: रीवा जिले में गुरुवार शाम को अखिल भारतीय विद्यार्थी पारिषद के कार्यकर्ताओं ने कन्या महाविद्यालय में छात्राओं की समस्या और अव्यवस्थित हालत को लेकर जोरदार विरोध किया और प्राचार्या को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी की यदि शीघ्र समाधान नही हुआ तो उग्र आन्दोलन किया जायेगा| प्राचार्या ने परिषद की मांगो को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण का आश्वासन दिया है|
लैब और लाइब्रेरी की बदहाल स्थिति
परिषद का आरोप है कि महाविद्यालय में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी हो रही है। प्रयोगशाला में उपयोग होने वाली कई सामग्री एक्सपायर हो चुकी है, जिससे प्रैक्टिकल कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रहीं। लाइब्रेरी में भी नई शिक्षा नीति के अनुरूप पुस्तकों का अभाव है। छात्राओं को अद्यतन अध्ययन सामग्री नहीं मिल पा रही, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
कंप्यूटर कक्षाएं और छात्रावास बंद
कंप्यूटर साइंस की छात्राओं की कक्षाएं नियमित नहीं लग रहीं और कंप्यूटर लैब में इंटरनेट सुविधा का अभाव है। परिषद ने इसे तकनीकी शिक्षा के लिए गंभीर समस्या बताया। इसके अलावा महाविद्यालय का छात्रावास लंबे समय से बंद है, जिसके कारण बाहरी छात्राओं को किराए के कमरों में रहना पड़ रहा है। परिसर में कैंटीन, कैफे और कॉमन रूम भी बंद पड़े हैं। छह महीने बीत जाने के बाद भी छात्राओं के एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए हैं, जिससे लाइब्रेरी कार्ड बनवाने में परेशानी हो रही है। परिषद का आरोप है कि बीए चतुर्थ वर्ष और एमए प्रथम वर्ष में सभी विषयों की पढ़ाई केवल एक ही प्राध्यापक के भरोसे चल रही है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
स्वच्छता और सुरक्षा पर सवाल
महाविद्यालय के कई वॉशरूम गंदे हैं और कला संकाय भवन में नियमित सफाई नहीं हो रही। सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर बताई गई है, क्योंकि कई सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। परिषद ने खेल मैदान की व्यवस्था, बंद पड़े वाटर कूलर और नए भवन के पास खुले आवागमन मार्ग को भी सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मुद्दा बताया है। उन्होंने महाविद्यालय में एक ही प्रवेश द्वार सुनिश्चित करने की मांग की है।
समाधान नहीं तो आंदोलन
छात्र नेता विकास साहू ने कहा कि यह जिले का सबसे बड़ा छात्राओं का संस्थान है, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो परिषद छात्राओं के हित में उग्र आंदोलन करेगी।
प्राचार्या का पक्ष
महाविद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि परिषद द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन गंभीरता से विचार कर रहा है। कुछ समस्याएं बजट और प्रक्रिया से जुड़ी हैं, जिनके समाधान के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
यह भी पढ़ें: Satna News: सतना में साकेत एक्सप्रेस से लापता युवक का शव नदी में बरामद
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









