MP News: लाडली बहना योजना पर BJP विधायक राजकुमार कर्राहे का बयान वायरल
MP News: मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. इस बार बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक महिलाओं से कहते सुनाई दे रहे हैं कि लाडली बहना योजना से मिलने वाली राशि से खूब अंडा, मुर्गा और मछली खाओ, लेकिन वोट कमल के निशान पर ही देना. उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

रास्ते में महिलाओं से की बातचीत
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो मंगलवार 24 नवंबर का बताया जा रहा है. विधायक राजकुमार कर्राहे लांजी क्षेत्र के आलीटोला में आयोजित रानी तिलका देवी मेले में शामिल होकर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक फूड स्टॉल पर उन्हें कुछ आदिवासी महिलाएं अपने बच्चों के साथ खाना खाते हुए दिखाई दीं. विधायक ने अपनी गाड़ी रुकवाई और महिलाओं से बातचीत शुरू कर दी.
लाडली बहना की राशि को लेकर पूछा सवाल
वीडियो में विधायक महिलाओं से पूछते हैं कि क्या उन्हें लाडली बहना योजना का पैसा मिल रहा है. महिलाओं ने जवाब दिया कि उन्हें योजना की राशि मिलती है. इसके बाद विधायक ने पूछा कि वे क्या खा रही हैं. इस पर महिलाओं ने बताया कि वे नहीं, बल्कि उनके बच्चे खाना खा रहे हैं. बातचीत के दौरान विधायक ने कहा कि लाडली बहना योजना के पैसों से खूब अंडे, मुर्गा और मछली खाओ और स्वस्थ रहो, लेकिन वोट कमल को ही देना. उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

पहले भी चर्चा में रहे हैं राजकुमार कर्राहे
लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे का राजनीतिक सफर भी पहले सुर्खियों में रहा है. साल 2023 में उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी. उस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में उन्हें उचित महत्व नहीं दिया जा रहा है. वहीं, भाजपा की ओर से उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे. बाद में विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी.
AAP छोड़ने के बाद BJP ने बनाया उम्मीदवार
राजकुमार कर्राहे के राजनीतिक घटनाक्रम में एक दिलचस्प मोड़ तब आया, जब आम आदमी पार्टी छोड़ने के कुछ ही घंटों बाद भाजपा ने उन्हें लांजी विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया. इसके बाद उन्होंने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे. अब लाडली बहना योजना की राशि को लेकर महिलाओं से की गई उनकी बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद उनका बयान एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है.
यह भी पढ़ें : MP News: सरकारी बंगलों का किराया नहीं चुकाने वाले 23 रसूखदारों को नोटिस, सूची में पूर्व CM और पूर्व मंत्री भी शामिल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
