MP News: मध्य प्रदेश में जनगणना की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश

MP News: मध्य प्रदेश में जनगणना की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश

MP News: मध्य प्रदेश में जनगणना की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश

MP News: मध्य प्रदेश में आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने भोपाल की नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना का काम पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए. इस प्रशिक्षण में प्रदेशभर के कलेक्टर, संभागायुक्त और नगर निगम आयुक्त शामिल हुए. मुख्य सचिव ने इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.

VC से जुड़े कलेक्टरों को नसीहत

प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 30 कलेक्टर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुए और उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ने की अनुमति मांगी थी. इस पर मुख्य सचिव ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़े अधिकारियों को विशेष रूप से नसीहत दी. उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान किसी दूसरे काम में व्यस्त रहने के बजाय पूरी चर्चा को ध्यानपूर्वक सुनें. जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रशिक्षण में अधिकारियों की गंभीर भागीदारी जरूरी है.

मध्यप्रदेश में मुख्य सचिवों को एक्सटेंशन का सिलसिला, क्या सीएस अशोक बर्णवाल  को भी मिलेगा सेवा विस्तार?

देश में मौजूद हर व्यक्ति की होगी गणना

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने जनगणना के दायरे को स्पष्ट करते हुए कहा कि देश में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी. इसमें शरणार्थी और किसी कैंप में रहने वाले लोग भी शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े सरकार की योजनाओं और विकास से जुड़ी नीतियों का आधार तैयार करते हैं. ऐसे में आंकड़ों की सटीकता बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि छोटी सी गलती भी भविष्य की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन को प्रभावित कर सकती है.

कलेक्टर खुद संभालें प्रशिक्षण की जिम्मेदारी

मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में स्वयं उपस्थित रहें. उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को केवल अधीनस्थ अधिकारियों के भरोसे नहीं छोड़ा जाना चाहिए. कलेक्टरों की मौजूदगी से मैदानी कर्मचारियों को भी जनगणना के महत्व और जिम्मेदारी का एहसास होगा. वहीं संभागायुक्तों को व्यक्तिगत रूप से पूरे कार्य की निगरानी करने और नगर निगम आयुक्तों को शहरी क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए.

लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई

जनगणना के काम में किसी भी तरह की ढिलाई रोकने के लिए मुख्य सचिव ने सख्त रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी शुरुआत से ही लापरवाही करता दिखाई देता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. इससे दूसरे कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश मिलेगा कि इस महत्वपूर्ण अभियान में गैरजिम्मेदारी स्वीकार नहीं की जाएगी. इसके अलावा उन्होंने जनगणना निदेशालय को अलग-अलग सर्कुलर जारी करने के बजाय एक विस्तृत हैंडबुक तैयार करने को कहा, जिसमें सभी जरूरी दिशा-निर्देश एक ही जगह उपलब्ध हों.

विकास की नीतियों का आधार बनेंगे आंकड़े

प्रशिक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने जनगणना के व्यापक महत्व पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि इसके आंकड़ों से केवल जनसंख्या और साक्षरता की जानकारी ही नहीं मिलती, बल्कि महिला श्रम भागीदारी, रोजगार और प्रति व्यक्ति आय जैसे महत्वपूर्ण विषयों का भी आकलन किया जा सकता है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में इन आंकड़ों का बेहतर उपयोग करके रोजगार आधारित योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.

महिला रोजगार भागीदारी पर भी जोर

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने विकास और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी के बीच संबंध को भी रेखांकित किया. उन्होंने एशियाई देशों का उदाहरण देते हुए बताया कि जिन देशों में महिलाओं की कामकाजी भागीदारी अधिक है और उन्हें रोजगार के समान अवसर मिलते हैं, वहां विकास की गति भी बेहतर रहती है. उन्होंने जनगणना के माध्यम से महिला श्रम भागीदारी और रोजगार में समान अवसरों से जुड़े आंकड़ों को महत्वपूर्ण बताया.

भविष्य की योजनाओं के लिए अहम अभियान

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनगणना को महज एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया समझकर पूरा नहीं किया जाना चाहिए. यह प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है. इसलिए सभी अधिकारी तय समय सीमा के भीतर बेहतर प्रशिक्षण, प्रभावी निगरानी और आंकड़ों की पूरी शुद्धता सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना से प्राप्त जानकारी का उपयोग भविष्य में विकास की योजनाओं को सही दिशा देने में किया जा सके.

यह भी पढ़ें : MP News: लाडली बहना योजना पर BJP विधायक राजकुमार कर्राहे का बयान वायरल

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें