MP News: सरकारी बंगलों का किराया नहीं चुकाने वाले 23 रसूखदारों को नोटिस, सूची में पूर्व CM और पूर्व मंत्री भी शामिल
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी बंगलों के किराए और जुर्माने की वसूली का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और राजनीतिक दलों के कार्यालयों सहित कई लोगों पर सरकारी आवासों का करीब 10 करोड़ रुपये बकाया है. इनमें कुछ ऐसे पूर्व जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं, जो चुनाव हारने या मंत्री पद से हटने के बाद भी सरकारी बंगले खाली नहीं कर पाए हैं. संपदा संचालनालय ने बकाया राशि की वसूली के लिए 23 लोगों को नोटिस जारी किए हैं. इस मामले को लेकर सरकारी बकाया वसूलने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के नाम 32 लाख बकाया
बकाएदारों की सूची में सबसे बड़ी राशि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के नाम आवंटित सरकारी आवास की बताई गई है. 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-30 बंगले पर करीब 32 लाख रुपये बकाया हैं. फिलहाल इस आवास में उनके बड़े बेटे प्रकाश जोशी रह रहे हैं. कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के मुताबिक, पिता के निधन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रकाश जोशी की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अपनी इच्छा तक बंगले में रहने की बात कही थी.
पूर्व मंत्री मीना सिंह के बंगले पर 17.52 लाख बाकी
पूर्व मंत्रियों और विधायकों के सरकारी आवासों पर भी लाखों रुपये की बकाया राशि सामने आई है. रायसेन जिले की सिलवानी सीट से विधायक रहे रामपाल सिंह पर करीब 16 लाख रुपये का किराया बकाया बताया गया है. शिवराज सरकार में मंत्री रहते हुए उन्हें शिवाजी नगर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास सरकारी बंगला आवंटित किया गया था. वहीं, भिंड जिले की अटेर सीट से पूर्व विधायक और सहकारिता मंत्री रहे अरविंद भदौरिया के आवास पर करीब 17 लाख रुपये बकाया हैं. उन्होंने 2023 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
मीना सिंह को बंगले के बाहर मिले नोटिस
उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुकीं पूर्व मंत्री मीना सिंह के सरकारी आवास का मामला भी सूची में शामिल है. उनके बी-27 बंगले पर 17 लाख 52 हजार रुपये से अधिक की राशि बकाया बताई गई है. संपदा संचालनालय की ओर से उनके सरकारी आवास के बाहर दो नोटिस चस्पा किए गए हैं. इनमें 12 नवंबर को जारी किया गया नोटिस भी शामिल है. इसके जरिए बकाया राशि जमा कराने को लेकर कार्रवाई की गई है.
किसके नाम कितनी बकाया राशि?
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरकारी आवासों और अन्य बकाया मदों में कई पूर्व जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक संस्थाओं के नाम शामिल हैं.
• कैलाश जोशी – 32 लाख रुपये
• प्रज्ञा सिंह ठाकुर – 18 लाख रुपये
• प्रभुराम चौधरी – 17 लाख रुपये
• मीना सिंह – 17 लाख रुपये से अधिक
• अरविंद भदौरिया – 17 लाख रुपये
• रामपाल सिंह – 16 लाख रुपये
• एल. मुरुगन – 13 लाख रुपये
• केपी यादव – 9 लाख रुपये
• दिलीप कुमार कुशवाह – 15 लाख रुपये
• बहुजन समाज पार्टी कार्यालय – 11 लाख रुपये
• कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान – 15 लाख रुपये
23 बकाएदारों को नोटिस
संपदा संचालनालय ने सरकारी बंगलों का किराया और अन्य बकाया राशि जमा नहीं करने वाले कुल 23 लोगों को नोटिस जारी किए हैं. इस मामले में आम नागरिकों से सरकारी बकाया वसूली की कार्रवाई और प्रभावशाली लोगों के सरकारी आवासों पर लंबे समय से लंबित रकम के बीच अंतर को लेकर चर्चा हो रही है. अब देखना होगा कि नोटिस जारी होने के बाद संबंधित बकाएदारों से कितनी राशि जमा होती है और सरकारी आवासों के बकाया किराए की वसूली के लिए आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
यह भी पढ़ें : MP News: आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर CM मोहन का बड़ा ऐलान, सेवाएं खत्म करने की चर्चाओं पर लगाया विराम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “MP News: सरकारी बंगलों का किराया नहीं चुकाने वाले 23 रसूखदारों को नोटिस, सूची में पूर्व CM और पूर्व मंत्री भी शामिल”