MP News: भागीरपुथरा दूषित जलकांड के 22 परिवार अस्थियां लेकर प्रयागराज रवाना, धार्मिक विधि संपन्न कराएगा सेवादल
MP News: इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जलकांड में अपने परिजनों को खो चुके 22 परिवार शनिवार को अस्थियां लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए। कांग्रेस सेवादल यात्रा और धार्मिक कार्यक्रम का पूरा खर्च वहन कर रहा है। प्रयागराज में गंगा तट पर अस्थि विसर्जन, पिंडदान और तर्पण की विधियां कराई जाएंगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
मंत्रोच्चार के साथ दी गई अस्थियों को विदाई
शनिवार सुबह मामाजी की धर्मशाला से भागीरथपुरा चौराहे तक ब्राह्मणों ने विधि-विधान के साथ मंत्रोच्चार कर अस्थियों को विदाई दी। इस दौरान धार्मिक माहौल में परिवारों को सांत्वना दी गई। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
प्रयागराज में होगा अस्थि विसर्जन और पिंडदान
सेवादल के शहर अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि प्रयागराज पहुंचने के बाद सनातन परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। विद्वान पंडितों द्वारा अस्थि विसर्जन, पिंडदान, तर्पण और दान की विधियां संपन्न कराई जाएंगी। गंगा तट पर यह संस्कार बनारस के पंडितों की देखरेख में पूरे विधि-विधान से कराए जाएंगे। कार्यक्रम का पूरा प्रबंधन सेवादल की ओर से किया जा रहा है।
कई कांग्रेस नेता रहेंगे मौजूद
प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस सचिव सत्यनारायण पटेल, प्रयागराज के सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के शामिल होने की जानकारी दी गई है। व्यवस्थाओं के लिए वार्ड प्रमुख रानू मलोरिया सहित 10 कांग्रेस कार्यकर्ता पहले ही प्रयागराज पहुंच चुके हैं। वे धार्मिक कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
दूषित पानी से 36 लोगों की मौत का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भागीरथपुरा बस्ती मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र में आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण दूषित पानी की सप्लाई हुई, जिससे डायरिया फैला और 36 लोगों की मौत हुई। पटवारी ने इस मामले में प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
मुआवजे पर उठाए सवाल
पटवारी ने मुआवजे की राशि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों की मृत्यु पर 30 लाख रुपये से अधिक मुआवजा देता है, जबकि भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के परिजनों को केवल दो-दो लाख रुपये दिए गए। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताया और उचित मुआवजे की मांग की। भागीरथपुरा जलकांड में मृतकों में से कुछ परिवार पहले ही अपने परिजनों की अस्थियां नर्मदा नदी में विसर्जित कर चुके हैं। शेष 22 परिवार अब प्रयागराज में धार्मिक संस्कार संपन्न करेंगे। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में भावनात्मक माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: Satna News: नागौद के पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह का निधन, लंबे समय से थे अस्वस्थ
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










