Singrauli News: सिंगरौली में अडाणी पावर प्लांट में बवाल, मजदूर की मौत पर फैली अफवाह के बाद तोड़फोड़ और आगजनी
Singrauli News: मध्यप्रदेश के सिंगरौली में स्थित अडाणी पावर प्लांट में शनिवार को एक मजदूर की मौत के बाद अफवाह फैलने से भारी हंगामा हो गया, झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले मजदूर लल्लन सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई थी, लेकिन प्लांट में यह अफवाह फैल गई कि काम के दौरान दुर्घटना में उनकी जान गई है और कंपनी प्रबंधन मामले को छिपा रहा है, इसी आशंका के चलते मजदूर भड़क गए और प्लांट परिसर में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी, गुस्साए मजदूरों ने 10 से ज्यादा गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया, करीब 25 एयर कंडीशनर तोड़ दिए और एक कार्यालय में आगजनी भी कर दी, इस दौरान प्लांट परिसर में लगभग पांच घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा.
रात में बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, मजदूर लल्लन सिंह की शुक्रवार रात करीब 11 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई, उनके साथ रहने वाले सहकर्मी कमलेश ने बताया कि लल्लन ने गले में घुटन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की थी, कुछ ही देर में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े, इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से बैढ़न अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अफवाह फैलते ही भड़क गए मजदूर
शनिवार सुबह पहली शिफ्ट शुरू होते ही प्लांट में अफवाह फैल गई कि लल्लन की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है और कंपनी प्रबंधन ने मामला दबाने के लिए शव छिपा दिया है, इसी बात से मजदूरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्लांट में तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी.
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम नंदन तिवारी, तहसीलदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत 200 से अधिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, अधिकारियों की समझाइश और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि के बाद करीब पांच घंटे में स्थिति नियंत्रण में आ सकी.
वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई
एसडीओपी गौरव पांडेय ने बताया कि घटना की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई है, उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, हालांकि कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
400 से ज्यादा मजदूर लौटे घर
घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले कई मजदूर डर और असमंजस के कारण अपने-अपने घर लौट गए, रविवार को भी करीब 400 मजदूर सामान लेकर अपने गृह गांव के लिए रवाना हो गए, प्रशासन का कहना है कि तोड़फोड़ केवल कंस्ट्रक्शन साइट पर हुई है और पावर प्लांट का उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ है, हालांकि नए प्लांट का निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है.
यह भी पढ़ें : Mauganj News: मऊगंज जिला ‘जल अभावग्रस्त क्षेत्र’ घोषित, निजी नलकूप खनन पर तत्काल प्रतिबंध
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









