MP News: भाजपा नेता का 100 से ज्यादा गाड़ियों के साथ शक्ति प्रदर्शन, पार्टी ने पद से हटाया
MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बीच मध्य प्रदेश के भिंड में भाजपा नेता का भव्य शक्ति प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया है। किसान मोर्चा के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव ने 100 से अधिक लग्जरी वाहनों के साथ शहर में काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया, जिसके बाद पार्टी ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर दी।

100 से ज्यादा गाड़ियों के साथ शहर में एंट्री
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सज्जन सिंह यादव को भाजपा किसान मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया गया था। पहली बार भिंड पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान करीब 100 से ज्यादा गाड़ियों का लंबा काफिला शहर में निकाला गया, काफिले के चलते कई जगह ट्रैफिक प्रभावित हुआ और हॉर्न तथा नारेबाजी से शहर में शोरगुल का माहौल बन गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पार्टी ने तत्काल प्रभाव से हटाया
वीडियो सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने सज्जन सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया, बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील के बाद यह देश में इस तरह की पहली बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई मानी जा रही है।
सज्जन सिंह यादव ने दी सफाई
कार्रवाई के बाद सज्जन सिंह यादव ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी कार्यकर्ता को वाहन लेकर आने के लिए नहीं कहा था। उनके अनुसार समर्थक अपनी इच्छा से काफिले में शामिल हुए थे और यह पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं का उत्साह था।
PM मोदी लगातार कर रहे अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कुछ दिनों में कई बार देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील कर चुके हैं। इसके बाद कई मंत्री, सांसद, विधायक और राज्यों के मुख्यमंत्री अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। ऐसे में भिंड का यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत रीवा और मऊगंज की 3.99 लाख महिलाओं को मिली आर्थिक सहायता
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
