MP News: ग्वालियर में शादी के नाम पर ठगी: दुल्हन पहले से शादीशुदा निकली, फर्जी परिवार ने रचाया 7 लाख का खेल
MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से शादी के नाम पर ठगी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक को गरीब लड़की बताकर शादी कराई गई, लेकिन शादी के बाद ऐसा खुलासा हुआ जिसने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए। जिस शख्स ने लड़की का भाई बनकर कन्यादान कराया, वही उसका असली पति निकला, अब पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के नाम पर रचा गया पूरा खेल
ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी इलाके में रहने वाले 35 वर्षीय रतन शर्मा जबलपुर के एक निजी अस्पताल में टीम लीडर हैं। परिवार में पांच भाई होने के बावजूद किसी की शादी नहीं हुई थी और परिवार अच्छे रिश्ते की तलाश में था, इसी दौरान पड़ोसी सोनू तिवारी ने रतन के परिवार को बताया कि उसका दोस्त सोनू उर्फ अजय चौहान अपनी गरीब मुंहबोली बहन राधा उर्फ दीक्षा मुद्गल के लिए रिश्ता तलाश रहा है, परिवार ने भरोसा किया और रिश्ता तय हो गया।

गोद भराई से शादी तक निभाया ड्रामा
27 अप्रैल को आरोपी सोनू चौहान खुद को लड़की का भाई बताकर गोद भराई की रस्म में शामिल हुआ। इसके बाद 7 मई को ग्वालियर के सुखसागर होटल में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई गई, शादी में करीब 7 लाख रुपए खर्च किए गए।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शादी में शामिल पूरा लड़की पक्ष फर्जी निकला। सोनू चौहान की मां माया देवी ने लड़की की मां बनकर कन्यादान किया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी रिश्तेदार बनकर शादी में शामिल हुए।
व्हाट्सऐप चैट ने खोली पोल
शादी के बाद दुल्हन लगातार मोबाइल पर किसी से चैट करती रहती थी। शक होने पर एक रात रतन ने उसका मोबाइल चेक किया, मोबाइल में मौजूद व्हाट्सऐप चैट देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि भाई बनकर शादी कराने वाला सोनू उर्फ अजय चौहान ही दुल्हन दीक्षा का असली पति है, जानकारी के मुताबिक दोनों ने साल 2024 में आगरा के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था और पहले से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
भागने की थी तैयारी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह पूरा गिरोह सुनियोजित तरीके से शादी कराकर लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार होने की तैयारी में था, सच्चाई सामने आते ही परिवार ने तुरंत दुल्हन को पकड़कर झांसी रोड थाने पहुंचाया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
सात आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने राधा उर्फ दीक्षा मुद्गल, सोनू उर्फ अजय चौहान, माया देवी, शिल्पी परमार, राघवेंद्र परमार, सत्येंद्र चौहान और सोनू तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है।
पहले भी कर चुके हैं ठगी
झांसी रोड थाना पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पहले भी कई लोगों को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बना चुका है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर रवाना कर दी गई हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामला: दिल्ली AIIMS की टीम पहुंची, CBI जांच की तैयारी तेज
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
