Sidhi News: सीधी में पति निकला पत्नी का कातिल, हत्या के बाद जंगल में जलाया शव
Sidhi News: सीधी जिले में 6 जून को जली हुई अवस्था में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके ही पति ने की थी। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने पूरे मामले का खुलासा किया।

मृतका की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ममता नामदेव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 15 वर्षों से अपने पति सुरेश नामदेव से अलग रह रही थी और सीधी शहर में अपना व्यवसाय संचालित कर रही थी। कोर्ट के आदेश के तहत उसे पति से हर महीने भरण-पोषण की राशि मिलती थी।

पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना वाले दिन ममता नामदेव अपने पति के पास भरण-पोषण की राशि के संबंध में पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर मामला हिंसक रूप ले बैठा, पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश नामदेव ने पहले ममता के साथ मारपीट की। उसने डंडे से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर और शरीर पर चोट लगने के बाद जब महिला बेहोश हो गई, तब आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
टेलर होने का उठाया फायदा
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की योजना बनाई। पेशे से टेलर होने के कारण उसकी दुकान में कपड़ों के काफी टुकड़े और कतरनें मौजूद थीं। उसने महिला के शव को कपड़ों के बीच छिपाया और ऑटो की मदद से बहरी थाना क्षेत्र के जंगल की ओर ले गया, पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शव को बोरी में बंद किया और ग्राम झरिया के पास जंगल में ले जाकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। उसका उद्देश्य शव की पहचान मिटाना और पुलिस को गुमराह करना था।
जली हुई लाश मिलने से मचा था हड़कंप
गौरतलब है कि शनिवार को बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम झरिया के पास बोरी में बंद एक महिला का जला हुआ शव मिला था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच शुरू की थी, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति सुरेश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे जिला जेल भेजने के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें : Rewa News: संजय गांधी अस्पताल की जर्जर इमारत बनी खतरा, बेसमेंट पार्किंग में भरा गंदा पानी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
