Rewa News: पुरैनी जागीर के ग्रामीणों का एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन, अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग
Rewa News: रीवा जिले की ग्राम पंचायत पुरैनी जागीर-379 के सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और गांव में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ प्रदर्शन किया. महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की.

स्कूल और मंदिरों के आसपास नशे की शिकायत
ग्रामीणों का आरोप है कि खम्हरिया गांव में शासकीय स्कूल के पास बनी एक झोपड़ी और पुरैनी कोठार क्षेत्र सहित कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब, गांजा और नशीले इंजेक्शनों की बिक्री की जा रही है. उनका कहना है कि हनुमान मंदिर, शिव मंदिर, नहर क्षेत्र, बनिया बगिया, वंशल बस्ती और नई बस्ती जैसे इलाकों में शाम होते ही नशा करने वालों की भीड़ जुटने लगती है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है.
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि नशे के बढ़ते कारोबार से महिलाओं और बच्चियों में भय का माहौल है. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल या बाजार भेजने में भी असुरक्षा महसूस होती है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशेड़ियों की मौजूदगी से सामाजिक वातावरण लगातार बिगड़ रहा है.
कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार थाना स्तर पर मौखिक और मोबाइल के माध्यम से शिकायत की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. उनका आरोप है कि शिकायत की जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंच जाती है, जिससे शिकायतकर्ताओं में भी डर का माहौल बन जाता है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की गोपनीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. ज्ञापन की प्रति कलेक्टर को भी सौंपी गई है.
एसपी ने जांच का दिया भरोसा
पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि यदि जांच में अवैध शराब, गांजा या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें : Rewa News: समान थाना पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
