Rewa News: मूसलाधार बारिश से हाहाकार, 150 से ज्यादा गांव प्रभावित, 136 लोगों का रेस्क्यू
Rewa News: रीवा में लगातार हो रही तेज बारिश ने करीब 10 साल बाद एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं. पिछले 24 घंटे में जिले में 187 मिलीमीटर यानी करीब सवा सात इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है. लगातार बारिश के कारण नदी, नाले और जलाशय उफान पर हैं, वहीं शहर के कई इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है.

बांधों के गेट खोले गए
जिले में अब तक 426.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है. बारिश के कारण बाणसागर को छोड़कर ज्यादातर छोटे और बड़े जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है. बीहर नदी के 18, बकिया बराज के 14, मेजा के 5 और अंदवा बांध के 4 गेट खोल दिए गए हैं. वहीं रायपुर कर्चुलियान, गुढ़ और त्योंथर में 120-120 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है.

टमस और बेलन नदी खतरे के निशान से ऊपर
लगातार बारिश के बाद टमस और बेलन नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है. पटेहरा में टमस नदी करीब ढाई मीटर ऊपर बह रही है, जबकि बेलन नदी खतरे के निशान से लगभग 5 फीट ऊपर है. बेलन की सहायक नदियां नैना और गोरमा भी उफान पर हैं. मंगलवार की तुलना में बेलन के जलस्तर में करीब साढ़े सात फीट की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
150 से ज्यादा गांवों पर असर
बढ़ते जलस्तर के कारण तराई क्षेत्र की करीब दो दर्जन पंचायतों के 50 से ज्यादा गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क प्रभावित हुआ है. जिले में 150 से ज्यादा गांवों के बाढ़ की चपेट में आने की जानकारी है. इसके अलावा रीवा और मऊगंज के ऊपरी इलाकों के 400 से अधिक गांव भी प्रभावित हुए हैं. कई जगह कच्चे मकानों के गिरने की सूचना सामने आई है.
136 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है. अब तक 136 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 2200 से अधिक लोगों को 27 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है. निचले इलाकों से लोगों को लगातार सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है, ऐसे में प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: भारी बारिश के बीच 2 दिन स्कूल बंद, छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
