Rewa News: 15 घंटे की बारिश से विधायक का घर जलमग्न, दूसरी मंजिल पर फंसा परिवार
Rewa News: रीवा में करीब 15 घंटे की लगातार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. बीहर नदी के किनारे गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह का घर भी पानी से घिर गया है. बताया जा रहा है कि विधायक अपने परिवार के साथ करीब 24 घंटे से घर के अंदर ही फंसे हैं. घर के निचले हिस्से में पानी भरने के बाद अब ऊपरी हिस्से की ओर भी पानी बढ़ रहा है.

घर में जरूरी सामान की परेशानी
विधायक की पुत्रवधू रश्मि राजा सिंह के मुताबिक, पानी भरने के कारण घर में सब्जी और किराने का सामान तक नहीं पहुंच पा रहा है. परिवार के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. घर के निचले हिस्से में रखा सामान पानी से बचाने के लिए ऊपर पहुंचाया गया, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण अब ऊपरी हिस्से में भी पानी पहुंचने लगा है.
पहली मंजिल पर सामान पानी में तैर रहा
घर के कर्मचारी और केयरटेकर रामार्चन चौरसिया ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे से मकान में पानी घुसना शुरू हुआ था. इसके बाद जलस्तर लगातार बढ़ता गया. विधायक और उनका परिवार फिलहाल दूसरी मंजिल पर मौजूद है, जबकि पहली मंजिल पूरी तरह पानी में डूब चुकी है. यहां रखा सामान पानी में तैरने लगा है.
जलभराव को लेकर सियासत तेज
बारिश के कारण रीवा शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है. बीहर नदी के आसपास स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है. इसी बीच कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. विनोद शर्मा ने विधायक के घर में पानी भरने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने नदी क्षेत्र में निर्माण और शहर में जल निकासी की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं.
नदी के पास निर्माण पर उठे सवाल
विधायक नागेंद्र सिंह ने कहा है कि उन्होंने नदी की जमीन पर कोई कब्जा नहीं किया है. उनका कहना है कि जमीन वैध तरीके से खरीदी गई थी और निर्माण के समय नगर निगम अधिकारियों से अनुमति ली गई थी. वहीं अधिवक्ता वीके माला ने नदी के आसपास निर्माण को लेकर जांच की मांग की है. उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड की जांच, जमीन का सीमांकन और निर्माण की अनुमति की प्रक्रिया की जांच करने की बात कही है. नियमों का उल्लंघन मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: मूसलाधार बारिश से हाहाकार, 150 से ज्यादा गांव प्रभावित, 136 लोगों का रेस्क्यू
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
