Sidhi News: कधवार के 4 वार्डों में सड़क की समस्या, बारिश में दलदल बन जाता है रास्ता
Sidhi News: सीधी जिले की जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत कधवार के वार्ड क्रमांक 6, 7, 8 और 9 के ग्रामीण लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रहे हैं. इन चार वार्डों में 800 से अधिक लोग रहते हैं, लेकिन अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है. बारिश के दिनों में कच्चे रास्ते पर कीचड़ और पानी भरने से ग्रामीणों का रोजाना आवागमन मुश्किल हो जाता है.

बारिश में सड़क बन जाती है दलदल
ग्रामीणों के मुताबिक यह रास्ता गांव के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है, जिसका इस्तेमाल रोज बड़ी संख्या में लोग करते हैं. सड़क के किनारे नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्ते पर जमा हो जाता है. इससे सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे पैदल चलने के साथ वाहनों की आवाजाही में भी परेशानी होती है.
एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती गांव
खराब सड़क का असर आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार एंबुलेंस गांव के अंदर तक नहीं पहुंच पाती, ऐसे में मरीजों को चारपाई या अन्य साधनों से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है. रात के समय किसी मरीज की तबीयत बिगड़ने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि कीचड़ भरे रास्ते से निकलना बेहद कठिन रहता है.
खराब सड़क से हो चुके कई हादसे
गांव निवासी सत्येंद्र मिश्रा के अनुसार खराब सड़क के कारण अब तक करीब छह दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. इनमें दो लोगों के पैरों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका.
तहसीलदार ने दिए समाधान के निर्देश
मंगलवार को ग्रामीणों ने सड़क की समस्या को लेकर रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा से शिकायत की. तहसीलदार ने उनकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ और ग्राम पंचायत को तत्काल आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, ताकि फिलहाल रास्ते पर आवागमन सुचारू हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में आंगनवाड़ी नियुक्ति के बदले रिश्वत का आरोप, प्रभारी अधिकारी निलंबित
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
