MP News: सतना में सीजन की सबसे तेज बारिश, नदियां उफान पर, बरगी डैम से बढ़ेगा नर्मदा का जलस्तर
MP News: सतना और चित्रकूट में बुधवार को लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. सतना शहर में इस सीजन की सबसे तेज बारिश दर्ज की गई. सुबह साढ़े 5 बजे से 90 मिलीमीटर से ज्यादा पानी गिरा, जबकि सुबह साढ़े 8 बजे से साढ़े 11 बजे के बीच 56 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है और ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
नदियों का जलस्तर बढ़ा
सतना-सेमरिया मार्ग पर सेमरावल नदी उफान पर है, वहीं बिरसिंहपुर क्षेत्र में मऊ नदी समेत कई नदी-नालों का पानी तेजी से बढ़ रहा है. सितावा नदी में बाढ़ के पानी के साथ बहकर आया एक अजगर पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाता दिखाई दिया. दूसरी ओर चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर सुबह 10 बजे के बाद फिर बढ़ने लगा और 138 मीटर तक पहुंच गया. मंगलवार को रामघाट में करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल पानी में डूब गए थे.
बरगी डैम के गेट खुलने का अलर्ट
जबलपुर में गुरुवार सुबह 11 बजे बरगी डैम के गेट खोले जाने का अलर्ट जारी किया गया है. बांध प्रशासन के मुताबिक बुधवार सुबह 8 बजे तक डैम का जलस्तर 421.85 मीटर और जलभराव 93.33 प्रतिशत हो चुका था. लगातार 707 क्यूमेक पानी की आवक के चलते गुरुवार को डैम के 5 गेट करीब एक मीटर तक खोले जा सकते हैं. इनसे लगभग 760 क्यूमेक पानी छोड़े जाने की संभावना है, जिससे नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर करीब 4 फीट बढ़ सकता है.
अगले तीन दिन कई संभागों में तेज बारिश
मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम सक्रिय है. मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, दक्षिणी हिस्से से ट्रफ गुजर रही है और ऊपरी स्तर पर मानसून ट्रफ सक्रिय है. इसके कारण अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है. 2 सितंबर को पूर्वी मध्यप्रदेश में भारी बारिश, जबकि 3 सितंबर से सिस्टम के आगे बढ़ने पर भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभाग में असर रहेगा. 4 और 5 सितंबर को पश्चिमी हिस्से में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है.
अब तक 27.8 इंच बारिश
लगातार बारिश से प्रदेश के अधिकांश बांधों में जलस्तर बेहतर हुआ है और कई डैम में 70 प्रतिशत तक पानी पहुंच चुका है. भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट तक पहुंच गया है और अब सिर्फ 0.30 फीट खाली है. फुल होने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे, जिससे पानी कलियासोत डैम में पहुंचेगा. IMD के अनुसार प्रदेश में अब तक 707.1 मिलीमीटर यानी 27.8 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 31.2 इंच से करीब 3.1 इंच कम है. पूर्वी हिस्से में करीब 5 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 16 प्रतिशत बारिश कम हुई है, हालांकि अनूपपुर, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें : MP News: जिलों के कामकाज की होगी ऑनलाइन निगरानी, हर सोमवार अपडेट होगी जन विश्वास अभियान की रिपोर्ट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
