MP News: जिलों के कामकाज की होगी ऑनलाइन निगरानी, हर सोमवार अपडेट होगी जन विश्वास अभियान की रिपोर्ट

MP News: जिलों के कामकाज की होगी ऑनलाइन निगरानी, हर सोमवार अपडेट होगी जन विश्वास अभियान की रिपोर्ट

MP News: जिलों के कामकाज की होगी ऑनलाइन निगरानी, हर सोमवार अपडेट होगी जन विश्वास अभियान की रिपोर्ट

MP News: मध्यप्रदेश में जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान और अधिकारियों की मैदानी सक्रियता पर नजर रखने के लिए चल रहे जन विश्वास अभियान को अब डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान पोर्टल लॉन्च किया. अभियान की शुरुआत 7 अगस्त 2026 को हुई थी और अब इसके चार सप्ताह पूरे हो चुके हैं. पोर्टल के जरिए जिलों में अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों और उपलब्धियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा.

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत होगी कार्यों की समीक्षा, CM मोहन यादव  सीधे फील्ड में जाकर सुन रहे लोगों की समस्याएं

एक महीने में लाखों शिकायतों का निराकरण

जन विश्वास अभियान के पहले महीने में सीएम हेल्पलाइन की 5 लाख 64 हजार से ज्यादा शिकायतों का समाधान किया गया है. इसके अलावा लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत दर्ज 8 लाख 6 हजार से अधिक आवेदनों का भी निराकरण किया जा चुका है. अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और अधिकारी सप्ताह में एक दिन मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं के समाधान की कोशिश कर रहे हैं. अब इन गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर भी दर्ज होगी.

हर सोमवार दर्ज होगी जिलों की रिपोर्ट

पोर्टल पर प्रत्येक जिले को अभियान के दौरान सप्ताह भर किए गए कार्यों की जानकारी अपडेट करनी होगी. इसमें अधिकारियों के भ्रमण और निरीक्षण के साथ जनसंवाद, उद्यम संवाद, यशस्वी संवाद, इंफ्लुएंसर संवाद और जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों का विवरण शामिल रहेगा. इसके अलावा नीतिगत और राज्य स्तरीय विषय, महत्वपूर्ण निर्देश, प्रमुख सुझाव तथा ऐसे नवाचारों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी, जिन्हें दूसरे जिले अपनाकर लागू कर सकते हैं. शुक्रवार तक हुए कार्यों की जानकारी अगले सोमवार तक अपलोड करना अनिवार्य होगा.

संभागायुक्त और विभाग करेंगे मॉनिटरिंग

जिलों द्वारा पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली जानकारी की नियमित निगरानी संभागायुक्त करेंगे. उनका दायित्व होगा कि प्रत्येक सोमवार तक संबंधित जिलों की पूरी रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड हो जाए. वहीं, सभी विभागों को पोर्टल की निगरानी के लिए लॉगिन आईडी दी जा रही हैं. कलेक्टरों की ओर से हर सप्ताह दर्ज की गई जानकारी की उच्च स्तर पर समीक्षा होगी और ऐसे मामलों को चिन्हित किया जाएगा, जिनके समाधान के लिए राज्य स्तर पर समन्वय की आवश्यकता है.

फोटो और 700 शब्दों में दर्ज होगी पूरी गतिविधि

जन विश्वास पोर्टल पर हर गतिविधि के साथ फोटो अपलोड करना जरूरी होगा. फोटो अधिकतम 1 एमबी की होनी चाहिए और JPG, JPEG या PNG फॉर्मेट में स्वीकार की जाएगी. भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद, उद्यम संवाद, यशस्वी संवाद और इंफ्लुएंसर संवाद की कार्रवाई का संक्षिप्त विवरण अधिकतम 700 शब्दों में दर्ज करना होगा. जनसंवाद में तारीख, अधिकारी का नाम, स्थान, शामिल नागरिकों की अनुमानित संख्या और उनकी समस्याओं का विवरण भी देना होगा. उद्यम और इंफ्लुएंसर संवाद में प्रतिभागियों की संख्या, स्थान, कार्रवाई, प्रमुख निर्देश-सुझाव और फोटो दर्ज होंगे. साथ ही ऐसे प्रमुख नवाचार और सुझाव भी पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे, जिन्हें दूसरे जिले अपनाकर बेहतर काम कर सकें.

यह भी पढ़ें : MP News: राहुल गांधी का इंदौर दौरा एक सप्ताह टला, अब 19 सितंबर को रीजनल पार्क में होगा ‘छात्रों की गूंज’

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें