Rewa News: रीवा में कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत पर गरमाई सियासत, दिग्विजय सिंह ने मांगा डिप्टी CM का इस्तीफा
Rewa News: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है. अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर निशाना साधा है. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग की है. उन्होंने कहा कि कल्पना मिश्रा को न्याय मिलने तक कांग्रेस इस मामले को लेकर पीछे नहीं हटेगी.
![]()
राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग
दिग्विजय सिंह ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि रीवा के संजय गांधी अस्पताल में हुई घटना स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता पैदा करती है. दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि कल्पना मिश्रा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस रीवा में विरोध प्रदर्शन करेगी. इससे पहले भी वे अलग-अलग स्वास्थ्य मामलों को लेकर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग कर चुके हैं.

पिता का आमरण अनशन जारी
इधर कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा का आमरण अनशन रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा. वे रीवा के सिरमौर चौराहे पर धरने पर बैठे हैं. परिवार की मांग है कि कल्पना और उसके नवजात बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. परिवार का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
दो डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी निलंबित
मामले में अब तक दो डॉक्टरों और दो नर्सिंग अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है. इनमें ड्यूटी डॉक्टर सोनल अग्रवाल और स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. निधि पांडे शामिल हैं. घटना के बाद जांच के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कल्पना के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर उसकी मौत तक इलाज की प्रक्रिया क्या रही और उपचार के दौरान निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं.
जांच रिपोर्ट पर टिकी आगे की कार्रवाई
कल्पना मिश्रा की मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद मामले को लेकर सवाल और गंभीर हो गए. प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराई जा रही है और इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी. वहीं, कांग्रेस लगातार सरकार पर दबाव बना रही है और परिवार की मांगों के समर्थन में आंदोलन की बात कह रही है. इस पूरे मामले में अब जांच के निष्कर्ष और सरकार की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत पर रीवा में कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के बंगले के बाहर नारेबाजी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
