Rewa News: कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत पर रीवा में कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के बंगले के बाहर नारेबाजी
Rewa News: रीवा में कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के बंगले के बाहर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी. इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता बंगले के अंदर प्रवेश कर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. पुलिस ने तत्काल स्थिति संभाली और कार्यकर्ताओं को बंगले से बाहर निकाला. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई.

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संजय गांधी अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े किए. उनका आरोप है कि अस्पताल में इलाज और व्यवस्थाओं की स्थिति ठीक नहीं है. कार्यकर्ता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में कथित लापरवाही के जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

पिता का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी
बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कल्पना के पिता रामशिरोमणि मिश्रा का आमरण अनशन रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा. वे रीवा के सिरमौर चौराहे पर धरने पर बैठे हैं. बैकुंठपुर के हटवा निवासी 25 वर्षीय कल्पना को 25 अगस्त को गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 26 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उसका सी-सेक्शन हुआ और लगभग तीन घंटे बाद कल्पना तथा उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई.
इलाज में लापरवाही के आरोपों पर कार्रवाई
मामले के बाद परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताया था और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था. इसके बाद 28 अगस्त को ड्यूटी डॉक्टर सोनल अग्रवाल, डॉक्टर निधि पांडे और दो नर्सिंग ऑफिसर्स को निलंबित किया गया. 29 अगस्त को पांच सदस्यीय जांच समिति गठित हुई, जबकि 1 सितंबर को अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को पद से हटाने का आदेश जारी किया गया. इसके बाद 4 सितंबर को मामले की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए गए. जांच में भर्ती से लेकर मौत तक की पूरी उपचार प्रक्रिया और निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन की समीक्षा की जा रही है.
परिवार ने FIR और निष्पक्ष जांच की मांग की
कल्पना मिश्रा के परिवार का कहना है कि बेटी और नवजात बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए. पिता रामशिरोमणि मिश्रा का कहना है कि केवल निलंबन की कार्रवाई से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा. परिवार दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर कायम है. वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग में गिरी सीलिंग, मरीज और कर्मचारी सुरक्षित
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
