CG News: बेमेतरा को 183 करोड़ के 30 विकास कार्यों की सौगात, CM साय ने 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान
CG News: बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल मैदान में रविवार को 41वें जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान और प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और जिले को करीब 183 करोड़ 36 लाख रुपए के 30 विकास कार्यों की सौगात दी. इनमें कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल रहा. मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की, वहीं ग्राम पंचायत तिवरिया में बिजली सब-स्टेशन बनाने की बात भी कही.

81 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 42 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए थे, जिनका मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया. उन्होंने विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली, साथ ही शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आभार जताया.

6 हजार पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्र का दावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं को डिजिटल बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि करीब 6 हजार पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्रों की व्यवस्था हो चुकी है और आने वाले समय में सभी पंचायतों तक यह सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. मुख्यमंत्री के मुताबिक तहसीलदार, थानेदार, रेंजर और सचिव स्तर की व्यवस्थाओं को भी डिजिटल किया जा रहा है. इससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और लोगों को सुविधाजनक तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

17 सितंबर को दीप जलाने की CM की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे घरों में दीप जलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह दीप प्रधानमंत्री के सेवा कार्यकाल के प्रति सम्मान और आभार का प्रतीक होगा. CM साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और हर घर नल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीबों और आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया.
बारिश के बीच आयोजन
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री दयाल दास बघेल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. अरुण साव ने कहा कि शिक्षक ज्ञान का प्रकाश फैलाकर समाज और राष्ट्र को दिशा देते हैं, जबकि दयाल दास बघेल ने शिक्षा को व्यक्ति के जीवन में बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम बताया. कार्यक्रम में ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी हुआ. हालांकि बारिश के कारण बेसिक स्कूल मैदान के पीछे के हिस्से में कीचड़ की स्थिति बन गई, जहां कुछ लोगों को असुविधा के बीच बैठकर कार्यक्रम सुनना पड़ा. बेमेतरा में शिक्षक सम्मान की यह परंपरा पिछले 41 वर्षों से जारी है.
यह भी पढ़ें : Jashpur News: PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल, 17 सितंबर से BJP चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
