MP Politics: हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ राजकुमार लोहानी ने भरा निर्दलीय नामांकन, कांग्रेस विधायकों ने समर्थन का किया ऐलान
MP Politics: मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भाजपा के उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी ने भी नामांकन दाखिल कर दिया है. कांग्रेस ने लोहानी को समर्थन देने का ऐलान किया है. कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने दावा किया कि पार्टी के सभी विधायक उनके साथ हैं. कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश में योग्य उम्मीदवारों की कमी नहीं है, ऐसे में राज्यसभा के लिए दूसरे प्रदेश के प्रत्याशी को उम्मीदवार क्यों बनाया गया.

कांग्रेस विधायक रहे मौजूद
राजकुमार लोहानी ने सोमवार को विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना नामांकन जमा किया. कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने. इस दौरान विधायक आतिफ अकील, अभिजीत शाह, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल और कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी भी मौजूद रहे, हेमंत कटारे ने बताया कि सोमवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख थी. राजकुमार लोहानी ने चुनाव में कांग्रेस विधायकों से सहयोग मांगा था. इसके बाद सभी विधायकों ने उन्हें पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया है. कटारे ने कहा कि हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का संवैधानिक अधिकार है.
हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस का विरोध
कटारे ने कहा कि राजकुमार लोहानी और मध्यप्रदेश की जनता की दो प्रमुख भावनाएं हैं. पहली यह कि राज्यसभा का प्रत्याशी प्रदेश का स्थानीय व्यक्ति होना चाहिए, क्योंकि मध्यप्रदेश में योग्य लोगों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि राज्यसभा के लिए बाहर के प्रत्याशी को क्यों चुना जा रहा है, कटारे ने हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने एपस्टीन फाइल्स को लेकर पुरी पर दबाव और ब्लैकमेलिंग से जुड़े आरोपों का जिक्र किया और कहा कि ऐसे व्यक्ति को मध्यप्रदेश से राज्यसभा नहीं भेजा जाना चाहिए. ये आरोप कटारे के राजनीतिक बयान का हिस्सा हैं.

एपस्टीन फाइल्स में नाम आने की खबर
राजकुमार लोहानी ने कहा कि भाजपा को मध्यप्रदेश से कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए हरदीप सिंह पुरी को प्रत्याशी बनाया गया है. उन्होंने दावा किया कि एपस्टीन फाइल्स में पुरी का नाम आने की बात पढ़ने के बाद वे विचलित हुए और चुनाव लड़ने का फैसला किया. लोहानी ने कहा कि वे कांग्रेस के अलावा निर्दलीय, अन्य दलों और भाजपा विधायकों से भी समर्थन मांगेंगे. उन्होंने पुरी को बाहरी प्रत्याशी बताते हुए मध्यप्रदेश के सम्मान की अनदेखी का आरोप लगाया.
नामांकन रद्द होने की आशंका जताई
हेमंत कटारे ने राजकुमार लोहानी के नामांकन को लेकर आशंका जताई कि जिस तरह मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म कथित तौर पर षड्यंत्रपूर्वक और गैर-संवैधानिक तरीके से निरस्त किया गया था, उसी तरह लोहानी का नामांकन भी भाजपा के शासन-प्रशासन के दबाव में निरस्त किया जा सकता है. उन्होंने चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेने और चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करने की मांग की.
भोपाल के घोड़ा नक्कास के निवासी हैं राजकुमार लोहानी
राजकुमार लोहानी भोपाल के पुराने शहर क्षेत्र के घोड़ा नक्कास इलाके में रहते हैं. वे हायर सेकेंडरी तक पढ़े हैं और मोबाइल एसेसरीज की दुकान चलाते हैं. निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर उनका चुनाव मैदान में उतरना राज्यसभा उपचुनाव को लेकर चर्चा का विषय बन गया है, मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं. सामान्य परिस्थितियों में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 116 मतों के कोटे की आवश्यकता होती है. हालांकि, कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले पाने के कारण अब 229 विधायकों के आधार पर चुनावी गणित तय होगा.
निर्मला सप्रे की भूमिका पर भी नजर
इस उपचुनाव में बीना से विधायक निर्मला सप्रे की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. वे आधिकारिक तौर पर खुद को कांग्रेस में बताती हैं, लेकिन लगातार भाजपा के कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई देती हैं. दलबदल से जुड़े मामले के कारण उनके मतदान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. ऐसे में उनके वोट और अन्य विधायकों के रुख के बाद ही दोनों पक्षों के संभावित मतों का वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हुई NABH टीम, बिना इंसेंटिव सेवा दे रहे डॉक्टरों के समर्पण को सराहा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP Politics: हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ राजकुमार लोहानी ने भरा निर्दलीय नामांकन, कांग्रेस विधायकों ने समर्थन का किया ऐलान”