MP News: भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी, बोले- श्रीराम और श्रीकृष्ण एक ही हैं
MP News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले अपने बयान पर हाथ जोड़कर माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण एक ही हैं, दोनों में कोई अंतर नहीं है. उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी तरह का भेदभाव या बंटवारा करना नहीं था. यदि उनकी बात से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वे इसके लिए क्षमा मांगते हैं.

करैरा की रामकथा में दिया था विवादित बयान
दरअसल, 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कहा था, “हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े.” उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के नाम, स्वरूप और उनकी त्रिभंगी मुद्रा का जिक्र करते हुए कई टिप्पणियां की थीं. उनके इस बयान के बाद धार्मिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रिया सामने आने लगी थी.
भगवान राम के सीधे स्वरूप से की थी तुलना
कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीरों का उदाहरण देते हुए कहा था कि उनके स्वरूप में शरीर तीन स्थानों से मुड़ा हुआ दिखाई देता है. उन्होंने भगवान राम के सीधे खड़े होने और उनके नाम, चाल-ढाल तथा स्वरूप को भी सीधेपन से जोड़कर तुलना की थी. इसी दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी बजाने की कला का भी उल्लेख किया था.

बांसुरी और धनुष चलाने को लेकर भी की थी टिप्पणी
धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कहा था कि बांसुरी बजाना खेल है, लेकिन धनुष चलाना खेल नहीं. उन्होंने कथा में मौजूद बांसुरी वादक की ओर इशारा करते हुए कहा था कि कलाकार भी बांसुरी बजा लेते हैं. इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के गाय चराने का जिक्र करते हुए कहा था कि गाय चराना भी कोई बड़ी बात नहीं है, कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने की कथा का भी उल्लेख किया था. उन्होंने इसकी तुलना भगवान राम के भक्त हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी के लिए पर्वत उठाकर लाने के प्रसंग से की थी. उनके इन बयानों को लेकर भगवान श्रीकृष्ण के अनुयायियों और ब्रज क्षेत्र के संतों ने नाराजगी जताई थी.
मथुरा के संतों ने जताया था विरोध
धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर मथुरा के संतों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद प्रकरण के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा था कि भगवान राम ब्रह्म हैं और श्रीकृष्ण योगेश्वर हैं. उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ब्रजवासियों के लाडले हैं और उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से माफी मांगने की मांग भी की थी, मथुरा की साध्वी इंदुलेखा और पंडित राजेश पाठक ने भी बयान पर आपत्ति जताई थी. उनका कहना था कि ब्रजवासी भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और परंपराओं पर इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे. दिनेश फलाहारी महाराज ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि रावण का भी अहंकार नहीं रहा, फिर कोई भी व्यक्ति अपने अहंकार में इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकता है.
सुप्रिया श्रीनेत ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या लोगों को बांटने के बाद अब आराध्यों को भी बांटा जा रहा है. उन्होंने कहा था कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण दोनों भगवान विष्णु के अवतार हैं. श्रीराम त्रेता युग और श्रीकृष्ण द्वापर युग के अवतार हैं तथा दोनों सत्य और न्याय के प्रतीक हैं. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा कहने पर आपत्ति जताई थी, लगातार मिल रही प्रतिक्रियाओं के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने अब हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए स्पष्ट किया है कि भगवान राम और श्रीकृष्ण में कोई अंतर नहीं है. उन्होंने कहा कि उनकी मंशा किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की नहीं थी. अब उनके माफीनामे के बाद इस पूरे विवाद में नया मोड़ आ गया है.
यह भी पढ़ें : MP News: दीपावली से पहले सरकारी स्कूलों को नहीं मिली गणवेश और रखरखाव की राशि, शिक्षक कांग्रेस ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी, बोले- श्रीराम और श्रीकृष्ण एक ही हैं”