MP News: दीपावली से पहले सरकारी स्कूलों को नहीं मिली गणवेश और रखरखाव की राशि, शिक्षक कांग्रेस ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र
MP News: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस बार दीपावली की तैयारियां फीकी रहने की आशंका है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 लगभग आधा बीतने के बाद भी विद्यार्थियों की गणवेश राशि और स्कूलों के रखरखाव के लिए मिलने वाली आकस्मिक निधि जारी नहीं हुई है. राशि के अभाव में जहां विद्यार्थी गणवेश से वंचित हैं, वहीं स्कूलों में त्योहार से पहले साफ-सफाई, लिपाई-पुताई और रंग-रोगन जैसे जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं.

शिक्षक कांग्रेस ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र
मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत चतुर्वेदी ने इस मामले में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय और संचालक राज्य शिक्षा केंद्र को पत्र लिखा है. उन्होंने विद्यार्थियों की गणवेश राशि और स्कूलों की आकस्मिक निधि जल्द जारी करने की मांग की है. इसके साथ ही शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है.
![]()
पहले सत्र की शुरुआत में मिल जाती थी राशि
नवनीत चतुर्वेदी के मुताबिक, पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही स्कूलों को जरूरी राशि उपलब्ध करा दी जाती थी. इससे विद्यालय समय पर रखरखाव, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कर पाते थे. दीपावली से पहले स्कूलों में साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम भी पूरा हो जाता था. लेकिन इस बार राशि जारी नहीं होने से सरकारी स्कूलों में त्योहार की तैयारियां प्रभावित हुई हैं. गणवेश की राशि नहीं मिलने से विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रिया में बदलाव को बताया वजह
शिक्षक कांग्रेस ने राशि जारी होने में देरी के लिए शासन की नीतियों और भुगतान प्रक्रिया में बार-बार बदलाव को जिम्मेदार बताया है. चतुर्वेदी का कहना है कि पहले पालक-शिक्षक संघ के माध्यम से ऑफलाइन राशि वितरित की जाती थी. बाद में इस व्यवस्था को ऑनलाइन और डिजिटल प्रक्रिया में बदल दिया गया, लेकिन यह व्यवस्था सफल नहीं हो सकी, शिक्षक कांग्रेस के मुताबिक, ऑनलाइन व्यवस्था में दिक्कतों के बाद दोबारा ऑफलाइन प्रक्रिया से राशि वितरण की योजना बनाई गई. संगठन का आरोप है कि स्थायी नीति के अभाव और प्रक्रिया में बार-बार बदलाव के कारण भुगतान में देरी हो रही है. इसका सीधा असर स्कूलों की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है.
गणवेश राशि और आकस्मिक निधि तत्काल जारी करने की मांग
शिक्षक कांग्रेस ने मांग की है कि विद्यार्थियों की गणवेश राशि उनके बैंक खातों में और स्कूलों की आकस्मिक निधि संबंधित विद्यालयों तक तत्काल पहुंचाई जाए. इससे विद्यार्थी गणवेश खरीद सकेंगे और स्कूलों में साफ-सफाई, रखरखाव तथा जरूरी मरम्मत के काम कराए जा सकेंगे, संगठन ने यह भी मांग की है कि आने वाले शैक्षणिक सत्रों में गणवेश और आकस्मिक निधि की राशि सत्र शुरू होते ही स्वीकृत कर जारी की जाए. शिक्षक कांग्रेस का कहना है कि समय पर बजट उपलब्ध होने से स्कूलों में जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से हो सकेंगी और आवंटित राशि का शत-प्रतिशत उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें : MP Weather Update: तूफान ‘अर्नब’ से दिन में बढ़ी ठंडक, नए तूफान ‘मुरासु’ से 5 नवंबर तक बारिश का अलर्ट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: दीपावली से पहले सरकारी स्कूलों को नहीं मिली गणवेश और रखरखाव की राशि, शिक्षक कांग्रेस ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र”