Rewa News: सांसद जनार्दन मिश्रा का टॉयलेट साफ करते वीडियो वायरल, पहले भी कई बार हाथों से कर चुके हैं सफाई
मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने सफाई अभियान को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर उनका टॉयलेट साफ करते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सांसद बिना ब्रश, झाड़ू या दस्तानों के टॉयलेट सीट की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं. वे अपने हाथों से पानी डालकर सीट को रगड़ते हुए साफ कर रहे हैं.

सफाई के दौरान कुर्ता भी संभालते दिखे
वायरल वीडियो में सांसद मिश्रा जिस दाएं हाथ से टॉयलेट की सफाई कर रहे हैं, उसी हाथ से अपना कुर्ता भी संभालते नजर आ रहे हैं. हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है. वीडियो सामने आने के बाद सांसद की स्वच्छता से जुड़ी पुरानी गतिविधियां एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं.
2018 में भी हाथों से साफ किया था टॉयलेट
सांसद जनार्दन मिश्रा इससे पहले 15 फरवरी 2018 को रीवा जिले की ग्राम पंचायत भुशुड़ी स्थित एक प्राथमिक स्कूल के निरीक्षण के दौरान भी टॉयलेट साफ करते नजर आए थे. उस समय शौचालय मिट्टी से भरा हुआ था. सांसद ने खुद अपने हाथों से उसकी सफाई की थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था. उन्होंने इसे स्वच्छ भारत मिशन के तहत किया गया स्वच्छता अभियान बताया था.

बच्चों को नहलाने और नाखून काटने का वीडियो भी हुआ था वायरल
इसी साल 23 जनवरी को नईगढ़ी के अल्हौवा सरकारी स्कूल के निरीक्षण के दौरान भी सांसद का अलग अंदाज देखने को मिला था. स्कूल में बच्चों की साफ-सफाई की स्थिति देखने के बाद उन्होंने खुद बच्चों को नहलाया, उनके पैर रगड़कर साफ किए और नाखून भी काटे थे. इसके बाद उन्होंने बच्चों के माता-पिता को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में समझाया था, इन गतिविधियों के वीडियो वायरल होने के बाद सांसद मिश्रा ने कहा था कि दूसरों के लिए यह काम मुश्किल हो सकता है, लेकिन उनके लिए ये काम आदत बन चुके हैं.
2022 में भी गंदा टॉयलेट देखकर शुरू कर दी थी सफाई
22 सितंबर 2022 को सेवा पखवाड़े के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा खटखरी गांव के कन्या विद्यालय पहुंचे थे. यहां पौधारोपण कार्यक्रम के बाद उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया. इसी दौरान उनकी नजर गंदे टॉयलेट पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने बाल्टी में पानी लिया और मग्गे से पानी डालकर हाथों से ही शौचालय की सफाई शुरू कर दी थी, सांसद जनार्दन मिश्रा पहले भी स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता से जुड़े अपने कामों को लेकर चर्चा में रहे हैं. अब टॉयलेट साफ करते हुए उनका नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी पुरानी गतिविधियां भी फिर से सुर्खियों में हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की तारीख और स्थान की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें : MP News: भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी, बोले- श्रीराम और श्रीकृष्ण एक ही हैं
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










