Rewa News: खराब मौसम ने रोकी फ्लाइट की लैंडिंग, एक घंटे तक आसमान में घूमता रहा विमान, वाराणसी करना पड़ा डायवर्ट
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा में शनिवार को खराब मौसम के चलते हवाई यातायात प्रभावित हुआ. इंदौर से रीवा आने वाली फ्लाइट निर्धारित एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी. विमान ने करीब एक घंटे तक रीवा के आसमान में चक्कर लगाए, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो पाई. आखिरकार विमान को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा.

निर्धारित समय से देरी से भरी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, इंदौर से रीवा के बीच संचालित होने वाली फ्लाइट को शनिवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:35 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन विमान ने दोपहर 1:04 बजे उड़ान भरी. करीब 2:20 बजे फ्लाइट रीवा पहुंची, लेकिन एयरपोर्ट पर उतरने में उसे परेशानी का सामना करना पड़ा.
एक घंटे तक रीवा के आसमान में लगाती रही चक्कर
रीवा पहुंचने के बाद विमान ने लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. करीब एक घंटे तक विमान सिलपरा, रतहरा और रामपुर बघेलान के आसपास आसमान में चक्कर लगाता रहा. काफी देर तक प्रयास के बावजूद लैंडिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद विमान को वाराणसी डायवर्ट करने का फैसला लिया गया. करीब 3:30 बजे विमान वाराणसी के लिए रवाना हुआ और वहां सुरक्षित उतारा गया.

वाराणसी से दोबारा रीवा के लिए भरी उड़ान
वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान ने शाम 4:50 बजे रीवा के लिए दोबारा उड़ान भरी. इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे विमान रीवा एयरपोर्ट पर उतरने में सफल रहा. यहां पहुंचने के लगभग आधे घंटे बाद फ्लाइट यात्रियों के साथ वापस इंदौर के लिए रवाना हो गई, इस पूरे घटनाक्रम की मुख्य वजह शनिवार को खराब मौसम और बारिश को बताया गया है. दोपहर के समय जब विमान रीवा पहुंचा, उस दौरान बारिश हो रही थी. इसके कारण आसमान में दृश्यता काफी कम हो गई थी. सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी दृश्यता उपलब्ध नहीं होने के चलते विमान को काफी देर तक हवा में रहना पड़ा.
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया डायवर्जन का फैसला
विमान ने करीब एक घंटे तक रीवा एयरपोर्ट पर उतरने का प्रयास किया, लेकिन मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं हुई. ऐसे में विमान को वाराणसी ले जाकर सुरक्षित उतारा गया. बाद में मौसम की स्थिति के अनुसार फ्लाइट ने दोबारा रीवा पहुंचकर लैंडिंग की. इस घटना के चलते यात्रियों को निर्धारित समय से अधिक इंतजार करना पड़ा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: नीम चौराहे पर बाइक सवार युवक से मारपीट, कार की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद, अस्पताल में भर्ती
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










