MP News: 14 लाख राशन कार्डधारियों का होगा वेरिफिकेशन, 1 जनवरी 2027 से CBDC सिस्टम से मिलेगा राशन
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राशन कार्डधारियों के लिए जरूरी बदलाव किया जा रहा है. जिले के करीब 14 लाख राशन कार्डधारियों का वेरिफिकेशन कराया जाएगा. इस प्रक्रिया में परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा. खास बात यह है कि आधार कार्ड और समग्र पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर एक ही होना अनिवार्य रहेगा. दिसंबर तक यह पूरी प्रक्रिया करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 1 जनवरी 2027 से नई व्यवस्था के तहत राशन वितरण शुरू होगा.

डिजिटल करेंसी से होगा राशन का वितरण
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से भोपाल जिले को एक विशेष पायलट परियोजना के लिए चुना गया है. इस परियोजना में केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा यानी CBDC का इस्तेमाल किया जाएगा. नई व्यवस्था लागू होने से पहले राशन प्राप्त करने वाले सभी पात्र परिवारों के प्रत्येक सदस्य की जानकारी का सत्यापन जरूरी होगा. इसके बाद ही उन्हें CBDC प्रणाली की सूची में शामिल किया जाएगा. इस प्रक्रिया को व्हाइटलिस्टिंग नाम दिया गया है.

राशन दुकान पर जाकर कराना होगा वेरिफिकेशन
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे जिस उचित मूल्य दुकान से नियमित रूप से राशन प्राप्त करते हैं, वहां जाकर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज कराएं. इसके साथ ही संबंधित जानकारियों का सत्यापन भी कराना होगा. परिवार के प्रत्येक सदस्य के आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर और समग्र पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर एक समान होना जरूरी है, अगर किसी सदस्य के आधार और समग्र पोर्टल में अलग-अलग मोबाइल नंबर दर्ज हैं, तो पहले उनमें जरूरी संशोधन कराना होगा. मोबाइल नंबर की जानकारी सही होने के बाद राशन दुकान पर जाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करानी होगी. इसके बाद यह सुनिश्चित करना होगा कि परिवार के सभी सदस्य CBDC प्रणाली की व्हाइटलिस्ट में शामिल हो चुके हैं.

प्रक्रिया अधूरी रही तो राशन लेने में आ सकती है परेशानी
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक, जिन हितग्राहियों का वेरिफिकेशन समय पर पूरा नहीं होगा, उन्हें नई डिजिटल व्यवस्था के तहत राशन प्राप्त करने में तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए सभी राशन कार्डधारियों को समय रहते अपनी जानकारी अपडेट कराने की सलाह दी गई है, भोपाल जिले में इस पूरी प्रक्रिया को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद 1 जनवरी 2027 से CBDC आधारित नई प्रणाली के जरिए राशन वितरण किया जाएगा. खाद्य विभाग ने हितग्राहियों से कहा है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी संबंधित राशन दुकान पर पहुंचकर परिवार के सभी सदस्यों का सत्यापन करा लें.
यह भी पढ़ें : MP Weather Update: चक्रवाती तूफान और पहाड़ों की बर्फबारी से बदला मौसम, रीवा-शहडोल में बारिश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










