Rewa News: निजी स्कूल के हॉस्टल में 13 वर्षीय छात्र की मौत, सुबह कमरे में मिला बेसुध
Rewa News: रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र रात में अपने रूम पार्टनर के साथ कमरे में सोया था, लेकिन सुबह काफी देर तक नहीं उठा. जब उसे जगाने की कोशिश की गई तो शरीर में कोई हलचल दिखाई नहीं दी. इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन को सूचना दी गई और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
कक्षा छठवीं में पढ़ता था सूर्यांश
मृतक छात्र की पहचान 13 वर्षीय सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है. वह रीवा जिले के जवा क्षेत्र का रहने वाला था और चोरहटा स्थित गुरुकुल निजी विद्यालय में कक्षा छठवीं की पढ़ाई कर रहा था. सूर्यांश स्कूल के हॉस्टल में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहा था. बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजन गहरे सदमे में हैं.
कार्डियक अरेस्ट की आशंका
संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शुरुआती जांच में छात्र के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है. जानकारी के मुताबिक, उसे पहले से किसी गंभीर बीमारी की शिकायत भी नहीं थी. डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के आधार पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है. हालांकि, छात्र की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है. इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
रात तक सामान्य थी दिनचर्या
हॉस्टल के केयरटेकर रावेंद्र सिंह ने घटना को लेकर बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे से रात 8:30 बजे तक सूर्यांश क्लास में शामिल हुआ था. इसके बाद वह हॉस्टल लौटा और अन्य बच्चों के साथ बैठकर डिनर किया. रात करीब 9:30 बजे हॉस्टल की नियमित दिनचर्या के अनुसार सभी बच्चों की फोटो भी ली गई थी. इसके बाद सभी विद्यार्थी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए.
सुबह सात बजे नहीं उठा छात्र
केयरटेकर के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जब अन्य बच्चे उठ गए, लेकिन सूर्यांश की कोई हलचल नहीं हुई तो उसे देखने के लिए कमरे में पहुंचे. काफी प्रयास के बाद भी जब उसके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो हॉस्टल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता ने उठाए स्कूल प्रबंधन पर सवाल
सूर्यांश के पिता विनोद गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे उनके पास फोन आया था. उन्हें जानकारी दी गई कि बच्चे की तबीयत खराब है और उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पिता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से सूर्यांश को किसी अच्छे निजी अस्पताल में ले जाने और खुद के जल्द पहुंचने की बात कही थी, लेकिन प्रबंधन की ओर से इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया. जब वह अस्पताल पहुंचे तो उनका बेटा दम तोड़ चुका था. पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
पुलिस दर्ज कर रही बयान
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला के मुताबिक, मंगलवार सुबह स्पोर्ट्स टीचर बच्चों को जगाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान सूर्यांश नहीं उठा, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. पुलिस इस मामले में अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बयान दर्ज कर रही है. फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: खाना बनाते समय अचानक फटा 5 साल पुराना प्रेशर कुकर, पिता और 13 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलसे
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Rewa News: निजी स्कूल के हॉस्टल में 13 वर्षीय छात्र की मौत, सुबह कमरे में मिला बेसुध”