Rewa News: नगर निगम की MIC बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर, पीएम आवास के हितग्राहियों को 44.10 लाख का भुगतान
Rewa News: रीवा नगर निगम में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. सोमवार को महापौर अजय मिश्रा की अध्यक्षता और निगम आयुक्त अक्षत जैन की उपस्थिति में मेयर-इन-काउंसिल यानी MIC की 35वीं बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न विकास कार्यों, कर्मचारियों के हितों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई. इस दौरान MIC के सभी सदस्य भी मौजूद रहे.
ऋतुराज पार्क में लगेगी अर्जुन सिंह की प्रतिमा
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह की प्रतिमा ऋतुराज पार्क में स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया. हालांकि, इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए नगर निगम परिषद के पास भेजा गया है. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत गोल क्वार्टर और एसएएफ साइट पर निर्मित दुकानों के अंतरण के लिए प्राप्त निविदाओं पर भी विचार किया गया, मध्यप्रदेश शासन की पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत विकसित बीहर रिवर फ्रंट, पंचमठा मंदिर, पंचमठा घाट और पाथवे परिसर के शेष हिस्से को नगर निगम के आधिपत्य में लेने का निर्णय भी बैठक में लिया गया. इन परिसरों के संचालन और संधारण की जिम्मेदारी अब नगर निगम को सौंपने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है.
सफाई कर्मचारियों और विनियमित कर्मियों को लेकर निर्देश
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 100 सफाई कर्मचारी फिलहाल साप्ताहिक मस्टर व्यवस्था के तहत काम कर रहे हैं. हर सप्ताह उपस्थिति सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने में समय लगता है, जिससे कई बार वेतन भुगतान में देरी होती है. इस समस्या को देखते हुए महापौर ने इन कर्मचारियों को साप्ताहिक मस्टर से मासिक मस्टर व्यवस्था में लाने के निर्देश दिए हैं. जरूरत पड़ने पर इसका प्रस्ताव अगली MIC बैठक में रखा जाएगा. वहीं, निगम की अलग-अलग शाखाओं में वर्षों से कार्यरत करीब 120 विनियमित कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तरह सेवा लाभ दिलाने के लिए नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
अतिक्रमण पर शाम के समय होगी कार्रवाई
शहर में अतिक्रमण की समस्या को नियंत्रित करने के लिए महापौर ने अतिक्रमण दस्ते की संख्या बढ़ाने और उसे शाम के समय भी सक्रिय रखने को कहा है. उनका कहना है कि शाम के वक्त अतिक्रमण हटाने वाली टीम की अधिक जरूरत होती है. ऐसे में दस्ते को व्यवस्थित तरीके से तैनात करने पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही अटल पार्क में 25 दिसंबर को भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा. महापौर ने अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
कर्मचारियों के नियमितीकरण की तैयारी
नगर निगम की निर्माण, स्वास्थ्य, सामान्य प्रशासन, विद्युत सहित अन्य शाखाओं में कई दैनिक वेतनभोगी और मस्टर कर्मचारी 10 वर्ष या उससे अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं. महापौर ने मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र के अनुसार ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार कराने को कहा है. शासन के निर्धारित मापदंडों के तहत पात्र कर्मचारियों को विनियमितीकरण का लाभ देने का प्रस्ताव अगली MIC बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा.
पीएम आवास हितग्राहियों के लिए 44.10 लाख मंजूर
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 के बीएलसी घटक के तहत जियो-टैगिंग के आधार पर पात्र हितग्राहियों की लंबित दूसरी और तीसरी किस्त के भुगतान के लिए नगर निगम निधि से 44 लाख 10 हजार रुपये देने की स्वीकृति दी गई है. इसके अलावा 14 ऐसे हितग्राही, जिन्हें दूसरी किस्त मिल चुकी है, उनकी तीसरी और अंतिम किस्त के 7 लाख रुपये का भुगतान भी निगम निधि से किया जाएगा. बैठक में नगर निगम द्वारा 30 वर्षीय लीज पर आवंटित अचल संपत्तियों की लीज नवीनीकरण से जुड़े प्रकरण को भी मंजूरी दी गई. कुल मिलाकर MIC की इस बैठक में शहर के विकास, कर्मचारियों के सेवा लाभ और आवास योजना के हितग्राहियों से जुड़े कई फैसले लिए गए.
यह भी पढ़ें : Rewa News: नशे में धुत बल्कर चालक ने मचाई तबाही, कई दुकानें और बाइक क्षतिग्रस्त, ऑटो चालक घायल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Rewa News: नगर निगम की MIC बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर, पीएम आवास के हितग्राहियों को 44.10 लाख का भुगतान”