Satna News: महानगरी एक्सप्रेस का S-2 कोच हॉट एक्सल के कारण अनफिट, ढाई घंटे स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन
Satna News: बनारस से मुंबई जा रही महानगरी एक्सप्रेस बुधवार को तकनीकी खराबी के चलते सतना जंक्शन पर रोकनी पड़ी. मानिकपुर और सतना के बीच ट्रेन के एस-2 कोच में हॉट एक्सल की समस्या सामने आई थी. सतना स्टेशन पर जांच के बाद रेलवे ने इस कोच को अनफिट घोषित कर ट्रेन से अलग करने का फैसला लिया. इसके बाद कोच में सफर कर रहे करीब 120 यात्रियों को एस-1 और एस-3 कोच में शिफ्ट किया गया.

जांच में सामने आई हॉट एक्सल की समस्या
ट्रेन नंबर 22178 बुधवार शाम 5:10 बजे सतना जंक्शन पहुंची थी. इसके करीब 20 मिनट बाद यानी शाम 5:30 बजे तकनीकी जांच के दौरान एस-2 कोच में खराबी का पता चला. रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोच को ट्रेन से हटाने का निर्णय लिया. साथ ही जबलपुर से नया कोच भेजकर ट्रेन में जोड़ने के निर्देश दिए गए.
120 यात्रियों को दूसरे कोच में भेजा
एस-2 कोच में सफर कर रहे करीब 120 यात्रियों को एस-1 और एस-3 कोच में जगह दी गई. रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को जानकारी दी कि जबलपुर से नया कोच जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है. कोच बदलने की प्रक्रिया के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि रेलवे ने सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया.
ढाई घंटे प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही ट्रेन
खराब कोच को हटाने और आगे की व्यवस्था करने में समय लगने के कारण महानगरी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर करीब ढाई घंटे तक खड़ी रही. ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने का असर दूसरी ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा. रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस (12427) सतना स्टेशन पर करीब पौने दो घंटे की देरी से पहुंची और उसे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर लिया गया. इसके अलावा शटल और रीवा-इतवारी ट्रेन के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव करना पड़ा.
स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी भीड़
ट्रेनों की देरी और प्लेटफॉर्म बदलने के चलते शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक सतना स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई. लिफ्ट और एस्केलेटर वाले पैदल पुल पर भी आवाजाही प्रभावित हुई. अचानक बदली व्यवस्था के कारण यात्रियों को अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में परेशानी हुई, स्टेशन पर बढ़ती भीड़ और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों ने मोर्चा संभाला. सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने और स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने में मदद की. रेलवे ने हॉट एक्सल की समस्या को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खराब कोच को ट्रेन से अलग करने का फैसला लिया.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल, CCTV में कैद हादसा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Satna News: महानगरी एक्सप्रेस का S-2 कोच हॉट एक्सल के कारण अनफिट, ढाई घंटे स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन”