Satna News: जिला अस्पताल के दोनों PSA ऑक्सीजन प्लांट एक सप्ताह से बंद, स्टेबलाइजर खराब होने से उत्पादन ठप

Satna News: जिला अस्पताल के दोनों PSA ऑक्सीजन प्लांट एक सप्ताह से बंद, स्टेबलाइजर खराब होने से उत्पादन ठप

Satna News: जिला अस्पताल के दोनों PSA ऑक्सीजन प्लांट एक सप्ताह से बंद, स्टेबलाइजर खराब होने से उत्पादन ठप

Satna News: सतना जिला अस्पताल में ऑक्सीजन व्यवस्था से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई है. अस्पताल के दोनों PSA ऑक्सीजन प्लांट पिछले एक सप्ताह से बंद पड़े हैं. दोनों प्लांट के 150-150 केवीए क्षमता वाले स्टेबलाइजर खराब होने के कारण ऑक्सीजन का उत्पादन पूरी तरह ठप है. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल मरीजों के लिए ऑक्सीजन की कमी नहीं है और सप्लाई LMO प्लांट तथा सिलेंडरों के जरिए की जा रही है.

सतना जिला अस्पताल के दोनों ऑक्सीजन प्लांट ठप, स्टेबलाइजर खराब होने से बढ़ी  एलएमओ पर निर्भरता

सर्विसिंग के तीन महीने बाद फिर आई खराबी

खास बात यह है कि करीब छह महीने तक बंद रहने के बाद तीन महीने पहले ही दोनों प्लांट की सर्विसिंग कराई गई थी. इसके बाद इन्हें दोबारा शुरू किया गया था. कोविड संक्रमण के दौरान सितंबर 2021 में जिला अस्पताल में एक-एक हजार लीटर प्रति मिनट क्षमता वाले दो PSA प्लांट स्थापित किए गए थे. इनकी स्थापना L&T कंपनी ने की थी. शुरुआत के 18 महीने तक वारंटी के तहत नियमित सर्विसिंग हुई, लेकिन इसके बाद करीब 40 महीने तक इनका रखरखाव नहीं किया गया. तकनीकी चेतावनियों के बाद दोनों प्लांट बंद कर दिए गए थे.

90 प्रतिशत से ज्यादा मिली थी ऑक्सीजन की शुद्धता

करीब छह महीने बाद दोनों प्लांट की सर्विसिंग कराई गई. ट्रायल के दौरान ऑक्सीजन की शुद्धता 90 प्रतिशत से अधिक पाई गई, जिसके बाद इन्हें दोबारा चालू किया गया था. लेकिन अब स्टेबलाइजर खराब होने से दोनों मशीनें फिर बंद हो गई हैं. अस्पताल में इन प्लांट के जरिए एक साथ 2000 LPM ऑक्सीजन उत्पादन करने की क्षमता है.

मरम्मत पर डेढ़ लाख रुपये का अनुमान

दोनों स्टेबलाइजर खराब होने के कारण मशीनों को बिजली की उचित सप्लाई नहीं मिल पा रही है. अस्पताल प्रबंधन ने वीडियो कॉल के माध्यम से भोपाल के इंजीनियर को तकनीकी खराबी दिखाई है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, दोनों स्टेबलाइजर की मरम्मत पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हो सकते हैं. इंजीनियर से एस्टीमेट मिलने के बाद स्वीकृति लेकर मरम्मत का काम कराया जाएगा.

230 बेड सेंट्रल ऑक्सीजन सिस्टम से जुड़े

जिला अस्पताल के करीब 230 बेड सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम से जुड़े हुए हैं. इनमें नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई, ट्रामा, ओल्ड ICU, पीडियाट्रिक ICU, महिला और पुरुष मेडिसिन वार्ड, ऑर्थो तथा सर्जिकल वार्ड शामिल हैं. अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 500 MMWC ऑक्सीजन की खपत बताई गई है. 24 बेड वाले ICU में इसकी खपत सबसे अधिक होती है. इसके अलावा ऑपरेशन के दौरान मरीजों को एनेस्थीसिया देने के लिए भी ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ती है.

LMO प्लांट और सिलेंडरों से हो रही सप्लाई

फिलहाल अस्पताल में 6 KL क्षमता वाले लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन यानी LMO प्लांट से वार्डों तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है. जरूरत पड़ने पर सिलेंडरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने बताया कि दोनों PSA प्लांट के स्टेबलाइजर खराब होने से ऑक्सीजन उत्पादन नहीं हो पा रहा है. इंजीनियर से संपर्क किया गया है और एस्टीमेट मिलने के बाद स्वीकृति लेकर मरम्मत शुरू कराई जाएगी. फिलहाल अस्पताल प्रबंधन ने ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता होने की बात कही है.

यह भी पढ़ें : Satna News: महानगरी एक्सप्रेस का S-2 कोच हॉट एक्सल के कारण अनफिट, ढाई घंटे स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें