CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 से छत्तीसगढ़ के 11,477 परिवारों को मिलेगा पक्का घर, जानिए पूरी योजना
CG News: छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत बड़ी राहत मिली है. राज्य में 11,477 नए आवासों के निर्माण को मंजूरी दी गई है. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है, योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए कुल 2 लाख 82 हजार 850 रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी. यह राशि निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार अलग-अलग चरणों में जारी होगी, जिससे निर्माण कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके.
चार चरणों में मिलेगी निर्माण राशि
सरकार ने सहायता राशि को चार किस्तों में देने की व्यवस्था की है. नींव तैयार होने पर 1 लाख रुपए, लिंटल स्तर तक निर्माण पूरा होने पर 50 हजार रुपए, छत बनने के बाद 50 हजार रुपए और मकान पूरी तरह तैयार होने पर अंतिम 50 हजार रुपए दिए जाएंगे. इससे लाभार्थियों को निर्माण के हर चरण में आर्थिक सहयोग मिलता रहेगा, राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना भी लागू की है. इसके तहत यदि लाभार्थी 18 महीने के भीतर मकान का निर्माण पूरा कर लेता है, तो उसे 32 हजार 850 रुपए की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी. इसका उद्देश्य समय पर निर्माण पूरा कर परिवारों को जल्द नए घर में बसाना है.
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी शर्तें
इस योजना का लाभ केवल पात्र परिवारों को मिलेगा. आवेदक संबंधित शहरी क्षेत्र का निवासी होना चाहिए. परिवार के नाम पर देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए. लाभार्थी के पास स्वयं की जमीन या वैध पट्टा होना आवश्यक है. यह योजना मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों के लिए लागू है. निर्धारित मानकों के अनुसार मकान का कारपेट एरिया 30 से 45 वर्गमीटर के बीच होना चाहिए.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना में आवेदन करने के लिए आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, भूमि या पट्टे से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते का विवरण और स्थानीय निकाय द्वारा मांगे गए अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. पात्रता की जांच के बाद ही लाभार्थियों का चयन किया जाएगा, 11,477 नए आवासों की मंजूरी के साथ हजारों परिवारों का अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा है. सरकार का मानना है कि यह योजना केवल मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों को सुरक्षित आवास, बेहतर जीवन स्तर और सम्मानजनक जीवन देने का महत्वपूर्ण प्रयास है.
यह भी पढ़ें : CG News: लोक गायिका पूनम विराट तिवारी को संगीत नाटक अकादमी सम्मान, छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










