CG News: जंगलों से निकलकर IFS अफसर बना अजय गुप्ता, मेहनत से बदली किस्मत
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के संबलपुरी गांव के रहने वाले अजय गुप्ता ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की है। तेंदूपत्ता और महुआ संग्रहण करने वाले परिवार से आने वाले अजय अब भारतीय वन सेवा यानी IFS अधिकारी बन गए हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मेहनत और मजबूत इरादों से हर सपना पूरा किया जा सकता है।
जंगलों और संघर्ष के बीच बीता बचपन
अजय का बचपन जंगलों के बीच बीता। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और माता-पिता वनोपज संग्रहण कर घर चलाते थे। छुट्टियों के दौरान अजय भी जंगल जाकर तेंदूपत्ता और महुआ इकट्ठा करने में परिवार की मदद करते थे। कठिन हालातों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी।

पढ़ाई में हमेशा रहे आगे
अजय शुरू से ही पढ़ाई में होनहार थे। उन्होंने 10वीं कक्षा में 92 प्रतिशत से ज्यादा और 12वीं में 91 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें एनआईटी रायपुर में दाखिला मिला। कॉलेज के दौरान छात्रवृत्ति मिलने से उन्हें आर्थिक सहारा भी मिला।
मेहनत के बाद मिली कामयाबी
अजय बताते हैं कि गांव में रहते हुए उन्होंने कभी इतने बड़े सपने नहीं देखे थे। लेकिन एनआईटी पहुंचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि मेहनत के दम पर देश की बड़ी परीक्षाएं भी पास की जा सकती हैं। यहीं से उन्होंने UPSC की तैयारी करने का फैसला लिया, लगातार मेहनत और संघर्ष के बाद अजय गुप्ता ने भारतीय वन सेवा परीक्षा में पूरे देश में 91वीं रैंक हासिल की। अब वही जंगल, जो कभी उनके परिवार की रोजी-रोटी का जरिया थे, उनकी जिम्मेदारी बनने जा रहे हैं।
सरकारी योजनाओं से मिला सहारा
अजय की सफलता में छात्रवृत्ति योजनाओं की भी अहम भूमिका रही। उन्हें लघु वनोपज संघ छात्रवृत्ति और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ मिला, जिससे पढ़ाई के दौरान आर्थिक परेशानी कम हुई और वे अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर सके, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने अजय की सफलता पर खुशी जताई है। अजय गुप्ता की कहानी आज उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।
यह भी पढ़ें : CG News: धमतरी में खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला हाईटेक बकरी ब्रीडिंग और रिसर्च सेंटर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
