MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी, डायल-112 के व्हाट्सएप पर आया मैसेज
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार 23 सितंबर को सुबह लगभग 11:30 बजे राज्य की इमरजेंसी हेल्पलाइन डायल-112 के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ. मैसेज भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति ने सीधे मुख्यमंत्री का नाम लिखते हुए उन पर हमला करने और जान से मारने की बात लिखी थी.

पुलिस ने लिया स्क्रीनशॉट
धमकी देने वाले आरोपी ने व्हाट्सएप चैट पर दावा किया कि मुख्यमंत्री ज्यादा दिनों तक बच नहीं पाएंगे. संदेश भेजने के बाद आरोपी ने चैट में लिखी कुछ बातों को एडिट किया और बाद में मैसेज को पूरी तरह डिलीट कर दिया. हालांकि, हेल्पलाइन पर तैनात सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी द्वारा भेजे गए संदेशों के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिए. इसके तुरंत बाद मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई.
मुंबई में मिली आरोपी की लोकेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुए भदभदा स्थित डायल-112 के पुलिस रेडियो मुख्यालय की शिकायत पर तत्काल केस दर्ज किया गया. साइबर सेल और पुलिस की तकनीकी टीम ने जब धमकी भरे मैसेज के मोबाइल नंबर और आईपी एड्रेस को ट्रैक किया, तो उसकी लोकेशन महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मिली. इसके बाद भोपाल पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों और सायबर सर्विलांस के आधार पर भोपाल पुलिस की टीम शुक्रवार, 25 सितंबर को मुंबई के लिए रवाना हुई. मुंबई पुलिस के सहयोग से स्थानीय ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी की पहचान की गई और उसे धर दबोचा गया. पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर मुंबई से भोपाल ला रही है, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी.
कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
आरोपी को भोपाल लाए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उससे सघन पूछताछ करेंगे. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने यह धमकी भरा मैसेज किस उद्देश्य से भेजा था और क्या इसके पीछे कोई साजिश या गिरोह शामिल है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी जिले में बाणसागर बांध के 18 में से 12 गेट खुले, सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से 31 गांवों में अलर्ट जारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









