CG News: बगिया में CM साय का अलग अंदाज, खेत में की बियासी, दृष्टिबाधित छात्रा को मिला लैपटॉप
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अपने गृहग्राम बगिया का दौरा किया. इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला. मुख्यमंत्री सुबह खेत पहुंचे और बैलों की जोड़ी के साथ पारंपरिक तरीके से हल चलाकर बियासी की. उन्होंने खेती से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि किसान परिवार से होने के कारण खेती उनके लिए केवल आजीविका नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है.

मिट्टी और परंपरा से जुड़ाव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांव, माटी और खेत से जुड़ाव उन्हें हमेशा सुकून देता है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान कृषि परंपरा और मेहनतकश किसानों से जुड़ी हुई है. किसानों का परिश्रम प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन की मजबूत आधारशिला है. उन्होंने आधुनिक दौर में भी अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने की जरूरत बताई, बगिया स्थित निवास पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गोरिया की कॉलेज छात्रा जयमंती खेस को लैपटॉप भेंट किया. जयमंती शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित हैं और रायपुर के डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं. उन्होंने कलेक्टर जनदर्शन में पढ़ाई के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. उनकी जरूरत को देखते हुए समाज कल्याण विभाग ने अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर से लैस लैपटॉप उपलब्ध कराया.

शिक्षक बनने का सपना
मुख्यमंत्री ने जयमंती से आत्मीयता से पूछा कि वह भविष्य में क्या बनना चाहती हैं. छात्रा ने शिक्षक बनने की इच्छा जताई. मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से मेहनत करनी चाहिए. लैपटॉप में टॉकबैक सॉफ्टवेयर भी इंस्टॉल किया गया है, जिससे स्क्रीन की सामग्री आवाज के माध्यम से समझकर पढ़ाई करना आसान होगा.

गजरथ यात्रा और वनकर्मियों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने बगिया कैम्प कार्यालय में मानव-हाथी द्वंद्व को कम करने के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान ‘गजरथ यात्रा-भाग 02’ पुस्तक का विमोचन किया. अभियान के जरिए हाथी प्रभावित गांवों और स्कूलों में लोगों को हाथियों के व्यवहार, विचरण क्षेत्र और सुरक्षित रहने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है. वन विभाग ‘राज संकेत’ ऐप और मोबाइल अलर्ट के जरिए ग्रामीणों तक हाथियों की गतिविधियों की जानकारी पहुंचा रहा है. इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले वनकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया.

फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पूजा
सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के साथ बगिया के श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. मैनी नदी के तट पर स्थित मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन का आयोजन चल रहा है. मुख्यमंत्री और कौशल्या साय ने भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण में सहभागिता की. 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति के साथ धार्मिक आयोजन का समापन होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: सीएम साय ने शुरू की ‘रेशम से रोशन जशपुर’ योजना, टसर उत्पादन में जिला बना नंबर वन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
