CG News: ड्राइवर के बेटे ने ठुकराई 1.5 लाख की नौकरी, KBC में जीते 50 लाख और बताया IAS बनने का सपना
CG News: छत्तीसगढ़ के भाटापारा के रहने वाले 23 वर्षीय योगेश साहू ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के लेटेस्ट एपिसोड में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचे. योगेश IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और संस्थान के टॉपर भी रहे हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें पहले ही प्रयास में IIT बॉम्बे में प्रवेश मिला था. कैंपस प्लेसमेंट के दौरान योगेश को करीब 1.5 लाख रुपये महीने की नौकरी मिली, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया, क्योंकि उनका लक्ष्य UPSC की तैयारी कर IAS अधिकारी बनना है. अमिताभ बच्चन भी योगेश की कहानी सुनकर काफी प्रभावित नजर आए.
पिता ड्राइवर, फिर भी बेटे के सपने को दिया साथ
योगेश ने बताया कि उनके पिता ड्राइवर हैं और महीने में करीब 20 हजार रुपये कमाते हैं. इसमें से लगभग 11 हजार रुपये घर के खर्च में इस्तेमाल होते हैं, जबकि बाकी रकम मालिक के पास बचत के तौर पर जमा होती है. आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद योगेश ने बड़ी नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी जारी रखने का फैसला किया. उन्होंने जब पिता से कहा कि इतनी बड़ी नौकरी उनके रिटायरमेंट में मदद कर सकती है, लेकिन इससे उनका सिविल सर्विस का सपना अधूरा रह जाएगा, तो पिता ने उन्हें नौकरी के बजाय अपने सपने पर ध्यान देने के लिए कहा.

50 लाख के सवाल ने बढ़ाई धड़कन
KBC में योगेश के सामने 50 लाख रुपये के लिए एक तस्वीर आधारित सवाल रखा गया. स्क्रीन पर कोलकाता-1913, स्कोप्जे-1979, शांतिनिकेतन-1998 और विदिशा-2014 जैसे शहरों और वर्षों की जानकारी दी गई थी. विकल्पों में त्रिशूर, मैसूर, अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली शामिल थे. इस सवाल पर योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया. मिले संकेत से उन्होंने समझा कि ये नोबेल पुरस्कार से जुड़े साल और विजेताओं के जन्मस्थानों का संबंध है. इसके बाद उन्होंने तिरुचिरापल्ली को सही जवाब चुना, जो वैज्ञानिक सीवी रमन का जन्मस्थान है.
50 लाख जीतकर गेम से किया क्विट
50 लाख रुपये जीतने के बाद योगेश के सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया. इस पड़ाव पर उन्होंने जोखिम लेने के बजाय 50 लाख रुपये लेकर गेम क्विट करने का फैसला किया. अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान योगेश ने कहा कि KBC उनकी जिंदगी में सही समय पर आया है. उन्होंने बताया कि उनके कई दोस्त अच्छी कमाई कर रहे हैं, जबकि उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों को पीछे छोड़कर UPSC की तैयारी को प्राथमिकता दी.
परिवार की जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद
योगेश ने कहा कि 23 साल की उम्र में व्यक्ति को अपने परिवार की जिम्मेदारियों को समझना चाहिए. उनके पिता ड्राइवर हैं और वह खुद अभी परिवार की आर्थिक मदद नहीं कर पा रहे थे. ऐसे में KBC से जीती 50 लाख रुपये की रकम उनके लिए सिर्फ एक इनाम नहीं, बल्कि परिवार का बोझ कम करने का जरिया भी है. अब योगेश का लक्ष्य UPSC की तैयारी जारी रखते हुए IAS अधिकारी बनना है, जबकि KBC की जीत ने उन्हें अपने परिवार के लिए आर्थिक सहारा देने का एक बड़ा मौका दिया है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में 56 नए सिविल जजों को पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
