CG News: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी 50 पैसे प्रति यूनिट तक छूट, जानिए किसे और कैसे होगा फायदा
CG News: छत्तीसगढ़ में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बिल में राहत देने के लिए पावर वितरण कंपनी नई योजना पर काम कर रही है. इसके तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यानी सोलर आवर्स में बिजली का अधिक इस्तेमाल करने वालों को प्रति यूनिट 20 पैसे से लेकर 50 पैसे तक की छूट देने का प्रस्ताव है. कंपनी का मकसद दिन में उपलब्ध सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग करना और शाम के समय बिजली की मांग का दबाव कम करना है.

दिन में बिजली इस्तेमाल करने पर मिलेगा फायदा
प्रदेश में सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन लगातार बढ़ रहा है. दिन के समय बिजली की उपलब्धता पर्याप्त रहती है, लेकिन शाम 5 बजे के बाद सौर ऊर्जा से उत्पादन बंद होने पर बिजली की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है. इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए पावर वितरण कंपनी टाइम ऑफ डे यानी टीओडी बिलिंग व्यवस्था के जरिए उपभोक्ताओं को दिन में अधिक बिजली इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है, प्रस्तावित योजना के अनुसार, यदि घरेलू उपभोक्ता अपनी कुल मासिक बिजली खपत का 34 प्रतिशत तक हिस्सा सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें प्रति यूनिट 20 पैसे की छूट मिलेगी. वहीं, 34 प्रतिशत की निर्धारित सीमा से अधिक बिजली इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त यूनिट के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की छूट देने का प्रस्ताव है.
300 यूनिट खपत पर समझें छूट का गणित
इस योजना को 300 यूनिट मासिक बिजली खपत के उदाहरण से समझ सकते हैं. यदि कोई उपभोक्ता महीनेभर में 300 यूनिट बिजली इस्तेमाल करता है और इसमें से 120 यूनिट सोलर आवर्स के दौरान खर्च करता है, तो पहली 102 यूनिट पर 20 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से 20.40 रुपये की छूट मिलेगी. वहीं, निर्धारित सीमा से अतिरिक्त 18 यूनिट पर 50 पैसे के हिसाब से 9 रुपये की राहत मिलेगी. इस तरह उपभोक्ता को कुल 29.40 रुपये की प्रस्तावित छूट मिल सकती है.
स्मार्ट मीटर वालों को ही मिलेगा लाभ
फिलहाल इस योजना का लाभ उन्हीं घरेलू उपभोक्ताओं को देने का प्रस्ताव है, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं. सामान्य मीटर में अलग-अलग समय पर बिजली की खपत का रिकॉर्ड दर्ज करने की सुविधा नहीं होती, जबकि स्मार्ट मीटर हर घंटे की खपत का हिसाब रखता है. जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. बाकी उपभोक्ताओं के घरों में भी मीटर लगाने का काम जारी है.

तीन समयखंडों में दर्ज होगी बिजली खपत
टीओडी बिलिंग व्यवस्था के तहत बिजली इस्तेमाल को तीन अलग-अलग समयखंडों में बांटा गया है. पहला समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सोलर आवर्स का होगा. दूसरा समय शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक और तीसरा समय रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक निर्धारित है. इन तीनों समयखंडों में दर्ज बिजली खपत के आधार पर उपभोक्ताओं का बिल तैयार किया जाएगा, पावर वितरण कंपनी इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष याचिका पेश करने की तैयारी कर रही है. आयोग की मंजूरी मिलने के बाद ही उपभोक्ताओं को सोलर आवर्स में बिजली इस्तेमाल करने पर छूट मिल सकेगी. फिलहाल योजना की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ऐसे में उपभोक्ताओं को इसके लागू होने और अंतिम नियमों का इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: 8 से 10 जनवरी तक रायपुर साहित्य उत्सव, ‘युवा भारत’ थीम पर जुटेंगे देशभर के साहित्यकार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी 50 पैसे प्रति यूनिट तक छूट, जानिए किसे और कैसे होगा फायदा”